
भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने शनिवार को पुलिस आयुक्त संजय कुमार से मुलाकात कर शहर की कानून व्यवस्था और बाजारों के संचालन समय को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। सांसद ने दो टूक शब्दों में कहा कि भोपाल में मार्केट बंद होने के लिए दो अलग-अलग कानून नहीं चल सकते और पुलिस को इस विसंगति पर सख्ती से अंकुश लगाना चाहिए।
दोहरे नियमों पर उठाए सवाल:
सांसद शर्मा ने पुलिस कमिश्नर को सौंपे पत्र में बताया कि न्यू मार्केट, एमपी नगर और संत हिरदाराम नगर जैसे क्षेत्र रात 10 बजे तक बंद हो जाते हैं। इसके विपरीत पुराने शहर के काजीकैंप, बस स्टैंड, रॉयल मार्केट, इमामी गेट, इतवारा और बुधवारा जैसे इलाकों में दुकानें रातभर खुली रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देर रात तक बाजार खुले रहने से आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है और शहर की शांति व्यवस्था प्रभावित होती है।
सामाजिक सरोकार और युवाओं की चिंता:
भावुक अपील करते हुए सांसद ने कहा, “ईश्वर ने रात सोने के लिए बनाई है। आज कई परिवारों की चिंता है कि उनके बेटे रातभर बिरयानी की दुकानों और मार्केट में समय बिताते हैं, जबकि घर पर उनके बुजुर्ग माता-पिता दवा और उनके आने का इंतजार करते हैं। युवा गलत रास्ता अपना रहे हैं, जिसे रोकना आवश्यक है।”
वक्फ और अतिक्रमण पर कड़ा रुख:
मीडिया से चर्चा के दौरान सांसद शर्मा ने वक्फ बोर्ड और अतिक्रमण के मुद्दे पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “भोपाल वक्फ की जागीर नहीं है। शहर में विकास कार्यों के दौरान अक्सर वक्फ की जमीन बताकर रोड़ा अटकाया जाता है।” उन्होंने स्मार्ट रोड और श्यामला हिल्स की झुग्गियों का उदाहरण देते हुए साफ किया कि किसी को बेघर नहीं किया जाएगा, लेकिन सरकारी जमीन पर वक्फ के नाम पर अवैध कब्जा या अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं होगा।
पुलिस कमिश्नर का आश्वासन:
पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने सांसद को आश्वस्त किया है कि शहर के सभी मार्केट्स को एक निर्धारित समय पर बंद कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।