क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन: 23.14 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

भोपाल | गृहमंत्रालय की गाइडलाइन के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान क्राइम ब्रांच भोपाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23.14 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।

क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना एमपी नगर क्षेत्र में मेट्रो ब्रिज के पास एक युवक एमडी ड्रग्स लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम माणिक लाल (25) निवासी शास्त्री नगर, नई दिल्ली (हाल पता गोविंद गार्डन, भोपाल) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 23.14 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह यह मादक पदार्थ मोहम्मद रिहान को सप्लाई करता था।

पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए दूसरे आरोपी मोहम्मद रिहान (27) निवासी पीरगेट, नक्कासखाना थाना कोतवाली को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।

एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने स्पष्ट किया है कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *