भोपाल। शहीद भगत सिंह अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट में रेलवे गर्वित क्रिकेट अकैडमी और अंकुर क्रिकेट अकैडमी के बीच खेले गए मुकाबले में अंकुर अकैडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रेलवे गर्वित क्रिकेट अकैडमी ने निर्धारित ओवरों में 146 रन बनाए। टीम की ओर से शिवम पांडेय ने 46 रन और अहद खान ने 21 रन का योगदान दिया। अंकुर अकैडमी की ओर से गेंदबाजी में रोहित ने 4 विकेट और वंश वर्मा ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अंकुर क्रिकेट अकैडमी ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से प्रयाग झारिवाला ने 80 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जय धाकड़ ने 22 रन बनाए। रेलवे गर्वित की ओर से अर्नव साहू और आरव साहू ने 2-2 विकेट लिए। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रयाग झारिवाला को मैन ऑफ द मैच चुना गया।