नकली नोटों की गड्डी दिखाकर लूटने वाली दिल्ली की गैंग जीआरपी के शिकंजे में, 9 लाख का मशरूका बरामद

भोपाल। रेलवे स्टेशन पर नकली नोटों की गड्डी दिखाकर यात्रियों को ठगने वाली दिल्ली की टप्पेबाज गैंग को जीआरपी भोपाल ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन सहित करीब 9 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। यह गैंग खासतौर पर आर्मी जवानों और यात्रियों को निशाना बनाती थी।

पुलिस के अनुसार मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब बरेली निवासी अमर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि 16 अप्रैल को भोपाल रेलवे स्टेशन पर भीड़ के बीच उसका मोबाइल चोरी कर लिया गया और एटीएम के जरिए खाते से पैसे निकाल लिए गए। शिकायत के बाद जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर कुछ संदिग्ध युवक फरियादी को घेरते हुए नजर आए। फुटेज के आधार पर तलाश कर 19 अप्रैल को स्टेशन परिसर से संदेहियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम जोगिंदर, दिलशाद, अरशद, सुमित उर्फ धीरज, मोहम्मद अनवर और अमानतुल्लाह निवासी जेजे कॉलोनी बवाना, दिल्ली बताया।

आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि वे अलग-अलग स्टेशनों पर घूमकर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यात्रियों, विशेषकर सेना के जवानों को निशाना बनाते थे। रूमाल में रखी नकली नोटों की गड्डी दिखाकर भरोसा दिलाते और फिर मौका पाकर उनका मोबाइल व एटीएम कार्ड चोरी कर लेते थे। इसके बाद एटीएम से नकदी निकाल लेते थे। आरोपियों ने इंदौर में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए मोबाइल, नगदी और घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्यों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न राज्यों में धोखाधड़ी और चोरी के मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *