गोविंदपुरा पुलिस की बड़ी कामयाबी, खूंखार लुटेरे गिरफ्तार: स्कूटी सवार महिलाओं को टक्कर मारकर लूटने वाले दो बदमाश धरे गए; लूटा गया सामान बरामद

राजधानी की गोविंदपुरा थाना पुलिस ने महिलाओं के साथ लूटपाट करने वाले एक बेहद खतरनाक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इन बदमाशों ने न केवल महिलाओं का बैग लूटा, बल्कि उन्हें चलती स्कूटी से टक्कर मारकर घायल कर दिया था, जिससे एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई और दूसरी का हाथ फ्रैक्चर हो गया।

घटना 10 अप्रैल की रात करीब 9:40 बजे की है। टीआरटी गोविंदपुरा पानी की टंकी के पास पल्सर बाइक सवार तीन नकाबपोश लुटेरों ने स्कूटी सवार दो महिलाओं का पीछा किया। आरोपियों ने बैग छीनने की नियत से स्कूटी को जोरदार टक्कर मारकर गिरा दिया और बैग लेकर फरार हो गए। घायल महिलाओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में भारी जनआक्रोश व्याप्त था।

घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध न होने के कारण पुलिस के लिए यह मामला चुनौतीपूर्ण था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना गोविंदपुरा ने टीम गठित की और ‘जनसंवाद’ व ‘मुखबिर तंत्र’ को सक्रिय किया। स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 15 अप्रैल को टीआरटी स्कूल के पीछे खंडहर क्वार्टरों में दबिश दी। वहां से मोहम्मद आदिल (25) और मोहम्मद शाबान (20) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया पर्स, दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक (MP04-KM-5265) जब्त कर ली है।

पकड़े गए आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। आदिल पर चोरी और लूट के 8 मामले दर्ज हैं, जबकि फरार आरोपी मोहम्मद यूसुफ पर हत्या के प्रयास और लूट सहित करीब 13 गंभीर मामले दर्ज हैं। यूसुफ अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 304(2), 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *