भोपाल । राजधानी भोपाल के वीवीआईपी इलाके में स्थित सीएम हाउस के पास हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपये कीमत का सोने का कड़ा, घटना में प्रयुक्त कार, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 10 अप्रैल 2026 को फरियादी डॉक्टर मनोज वर्मा के साथ यह लूट की वारदात हुई थी। तीन अज्ञात युवकों ने साइकिल से जा रहे डॉक्टर को टक्कर मारकर गिराया और उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर हाथ में पहना सोने का कड़ा, घड़ी और नगदी लूटकर फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की करीब 10 टीमों का गठन किया गया। थाना तलैया, गौतम नगर, हनुमानगंज, टीला जमालपुरा, श्यामला हिल्स एवं क्राइम ब्रांच सहित साइबर सेल की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में आलिया खान, अरशान, अदनान खान और मोहम्मद मुदस्सिर कुरैशी शामिल हैं, जबकि एक अन्य आरोपी अयान अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जांच में सामने आया कि इस वारदात की मुख्य साजिशकर्ता आलिया खान थी, जो डॉक्टर मनोज वर्मा को करीब दो वर्षों से जानती थी। दोनों की मुलाकात बोट क्लब स्थित जीवन वाटिका में होती थी, जहां डॉक्टर रोजाना योग करने जाते थे और आलिया भी वहीं योग के लिए पहुंचती थी। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई, लेकिन बाद में आपसी विवाद के चलते आलिया ने डॉक्टर को सबक सिखाने के उद्देश्य से अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रच डाली।
योजना के तहत आरोपियों ने पहले डॉक्टर की रेकी की और उनके आने-जाने के समय व रास्ते की पूरी जानकारी जुटाई। घटना वाले दिन जैसे ही डॉक्टर साइकिल से लौट रहे थे, आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उन्हें टक्कर मारकर गिराया, मिर्च पाउडर डाला और सोने का कड़ा लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 11 तोला वजनी सोने का कड़ा, एक कार, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिनमें लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और पूरे मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में शामिल पुलिस टीमों की सराहनीय भूमिका रही है।