मयंक चतुर्वेदी क्लब की शानदार जीत, रेलवे यूथ को 93 रनों से हराया

भोपाल। प्रथम शहीद भगत सिंह क्रिकेट टूर्नामेंट में आज खेले गए मुकाबले में मयंक चतुर्वेदी क्लब ने दमदार प्रदर्शन करते हुए रेलवे यूथ को 93 रनों से पराजित कर जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने निर्धारित 40 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 269 रन बनाए। ऋषभ पाण्डेय ने शानदार 106 रनों की शतकीय पारी खेली, जबकि मानस जैन ने 80 रनों का अहम योगदान दिया। रेलवे यूथ की ओर से देव कनोजिया और आरव जैन ने 1-1 विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेलवे यूथ की टीम 40 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 176 रन ही बना सकी। युवराज बुंदेला ने 49 रन और ग्रन्थ प्रजापति ने 50 रनों की पारी खेली, लेकिन टीम लक्ष्य से काफी पीछे रह गई और मयंक चतुर्वेदी क्लब ने मुकाबला 93 रनों से जीत लिया।

मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए ऋषभ पाण्डेय को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। उन्हें बीडीसीए उपाध्यक्ष सुशील ठाकुर एवं समाजसेवी रमेश राय द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस टूर्नामेंट के मुख्य आयोजक विक्रमजीत सिंह एवं हरविंदर सिंह (म.प्र. केंद्रीय श्री गुरु सिंह सभा) हैं। आयोजन समिति से जुड़े अमन अरोड़ा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है, जिसमें खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह लगातार देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *