
भोपाल | राजधानी में प्रतिभाओं को तराशने और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मप्र केंद्रीय श्री गुरु सिंह सभा द्वारा प्रथम शहीद भगत सिंह अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुई, जिसने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त जोश भर दिया।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला अकीरा क्रिकेट अकैडमी और अंकुर क्रिकेट अकैडमी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अकीरा क्रिकेट अकैडमी ने निर्धारित 40 ओवरों में शानदार खेल दिखाते हुए 194 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अर्जुन माहले ने 54 रनों की शानदार अर्द्धशतकीय पारी खेली, जबकि प्राघव ने 37 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंकुर अकैडमी की ओर से प्रयाग जरीवाला और उत्सव ने 2-2 विकेट झटके।
195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अंकुर क्रिकेट अकैडमी की शुरुआत अच्छी रही। प्रयाग जरीवाला ने 53 रनों की जुझारू पारी खेलकर जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 154 रनों पर सिमट गई। अकीरा अकैडमी की ओर से दिशान पाटीदार और उत्सव ने सटीक गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट लिए और अपनी टीम को 40 रनों से जीत दिलाई। शानदार बल्लेबाजी के लिए अर्जुन माहले को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
टूर्नामेंट के आयोजक विक्रमजीत सिंह एवं हरविंदर सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य भोपाल के उभरते खिलाड़ियों को एक पेशेवर मंच प्रदान करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यहाँ के खिलाड़ी आईपीएल और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष परमवीर सिंह वजीर, अमन अरोड़ा सहित समाज के अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।