
भोपाल | संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) की गुडविल एंबेसडर और मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन ने मध्य प्रदेश पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग और जनोन्मुखी कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की। भोपाल प्रवास के दौरान कृति ने महिला थाने में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लिया, जहाँ उन्होंने समाज के वंचित वर्गों, महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों को करीब से देखा।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण वह रहा, जब कृति सेनन ने नातरा प्रथा और विभिन्न प्रताड़नाओं से जूझ रहीं महिला सर्वाइवर्स से सीधा संवाद किया। उन्होंने महिलाओं की आपबीती सुनी और उनके आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान स्वयंसेवी संस्था ‘आरंभ’ की अर्चना सहाय और ‘संगिनी’ की प्रार्थना मिश्रा ने भी सामाजिक सुधारों पर अपने अनुभव साझा किए।
इसी क्रम में ऊर्जा डेस्क प्रभारी सोनिया पटेल ने कार्यक्रम की रूपरेखा और पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता प्रयासों की जानकारी दी।
‘सृजन कार्यक्रम’ के अंतर्गत छोला क्षेत्र की झुग्गी बस्ती के बच्चों ने मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया, जिसने सभी को प्रभावित किया। कृति ने बच्चों के साहस की सराहना की और एक बालिका से आत्मरक्षा के कुछ गुर भी सीखे। वहीं बीएसएस कॉलेज के ‘मयार ग्रुप’ द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ प्रभावी संदेश दिया गया।
कृति सेनन ने ‘शक्ति कैफे’ का भ्रमण कर वहाँ संचालित गतिविधियों को समझा और सामुदायिक पुलिसिंग मॉडल को समाज के कमजोर वर्गों में विश्वास और सुरक्षा का भाव विकसित करने वाला प्रभावी प्रयास बताया। कार्यक्रम में भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार, एडिशनल सीपी मोनिका शुक्ला, डीसीपी श्रद्धा तिवारी और डीआईजी विनीत कपूर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।