नरेला में अवैध अतिक्रमण पर सख्त हुए मंत्री सारंग शासकीय भूमि से अवैध कब्जे, मदरसे, फैक्ट्री और मांस की दुकानें हटाने के निर्देश

भोपाल। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शनिवार को नरेला विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 69, 70 और 71 का दौरा कर शासकीय भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

क्षेत्रीय नागरिकों से मिल रही शिकायतों के बाद मंत्री सारंग ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और शासकीय भूमि पर हुए अवैध कब्जों पर नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय भूमि पर बने अवैध निर्माणों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई की जाए।

मंत्री सारंग ने कहा कि अवैध अतिक्रमण वाले स्थानों को पेयजल, बिजली सहित किसी भी प्रकार के शासकीय कनेक्शन नहीं दिए जाएं। यदि ऐसे कनेक्शन पहले से दिए गए हैं तो उन्हें तुरंत हटाया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जांच कर कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गुप्ता कॉलोनी, सुभाष कॉलोनी और शहंशाह गार्डन, अशोका गार्डन क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय भूमि पर अवैध रूप से संचालित मदरसे, फैक्ट्री और मांस की दुकानों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि जनता की संपत्ति है और उस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *