नेहरू नगर पुलिस लाइन में बिखरे होली के रंग, वाटर कैनन की बौछारों और डीजे की धुन पर जमकर थिरके भोपाल पुलिस के अधिकारी-जवान

भोपाल | साल भर जनता की सुरक्षा में तैनात रहने वाली भोपाल पुलिस ने गुरुवार को नेहरू नगर पुलिस लाइन में आयोजित “होली मिलन समारोह” में जमकर खुशियां मनाईं। प्रतिवर्षानुसार आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर आरक्षक स्तर तक के लगभग 1000 जवानों ने शिरकत की। फूलों की वर्षा और सिलेंडर से उड़ाए गए गुलाल के बीच पूरा परिसर सप्तरंगी नजर आया।

समारोह में एडिशनल कमिश्नर अवधेश गोस्वामी, मोनिका शुक्ला, डीसीपी अखिल पटेल, श्रद्धा तिवारी, मयूर खंडेलवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने न केवल जवानों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि सिलेंडर से गुलाल उड़ाकर और पुष्प वर्षा कर उत्सव का आगाज़ किया।

मिलन समारोह का मुख्य आकर्षण डीजे की धुन पर पुलिसकर्मियों का उत्साह रहा। होली और फिल्मी गानों पर महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों ने जमकर नृत्य किया। भीषण गर्मी के बीच वाटर कैनन से की गई पानी की बौछारों ने उत्सव का मजा दोगुना कर दिया। जवानों ने भीगते हुए जोरदार डांस कर अपनी थकान मिटाई और त्यौहार का आनंद लिया।

पुलिसकर्मियों की व्यस्तता के बीच उनके परिवारों की खुशियों का भी पूरा ध्यान रखा गया। पुलिस पब्लिक स्कूल में पुलिस परिवार की लगभग 500 महिलाओं और बच्चियों के लिए अलग से समारोह आयोजित किया गया। यहाँ भी डीजे की धुनों पर महिलाओं और बच्चों ने नृत्य कर हर्षोल्लास के साथ रंगोत्सव मनाया। कार्यक्रम का प्रबंधन आरआई जय सिंह तोमर एवं उनकी टीम द्वारा सुव्यवस्थित ढंग से किया गया।उधर भोपाल के अन्य थानों में भी पुलिसकर्मियों ने आपसी सौहार्द और उत्साह के साथ होली का पर्व मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *