भोपाल के गोविंदपुरा में सनसनीखेज हत्या का खुलासा, प्रेमिका ने नए प्रेमी के साथ मिलकर पुराने आशिक को उतारा मौत के घाट

भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भेल स्पोर्ट्स क्लब के पास जंगल में मिली अज्ञात लाश की गुत्थी पुलिस ने महज 48 घंटों में सुलझा ली है। यह मामला प्रेम त्रिकोण और खौफनाक साजिश का निकला, जिसमें एक महिला ने अपने वर्तमान प्रेमी के साथ मिलकर अपने पुराने प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला रानी अहिरवार और उसके साथी कृष्णपाल यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना का खुलासा 21 फरवरी को हुआ, जब भेल स्पोर्ट्स क्लब के सुरक्षा गार्ड विमल उडावी ने सूचना दी कि साकेत नगर गेट के पास जंगल में एक करीब 40 वर्षीय व्यक्ति की लाश पड़ी है। मृतक के चेहरे, गर्दन और सिर पर गहरे घाव थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मृतक की पहचान मंडीदीप निवासी ताराचंद पटेल (46) के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के बरखेड़ी निवासी रानी अहिरवार से अवैध संबंधों का पता चला। पुलिस ने जब रानी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ। रानी ने बताया कि वह ताराचंद के साथ डेढ़ साल से संबंध में थी, लेकिन वह शराब पीकर उसके साथ और उसकी बेटियों के सामने गाली-गलौज और बदतमीजी करता था। इसी बीच रानी की दोस्ती भेल में सुरक्षा गार्ड कृष्णपाल यादव से हुई। ताराचंद से पीछा छुड़ाने के लिए रानी और कृष्णपाल ने उसकी हत्या का प्लान तैयार किया।

प्लान के मुताबिक, 20 फरवरी की रात रानी ने ताराचंद को शारीरिक संबंध बनाने के बहाने बुलाया। वह उसे जिंसी और प्रभात चौराहा होते हुए भेल स्पोर्ट्स क्लब के सुनसान जंगल में ले गई। वहां पहले से मौजूद कृष्णपाल यादव ने ताराचंद के सिर पर डंडे से हमला किया। इसके बाद दोनों ने मिलकर हसिए और चाकू से ताराचंद के चेहरे और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रानी अहिरवार के पास से हत्या में प्रयुक्त हसिया और मृतक का मोबाइल जब्त किया है। वहीं, आरोपी कृष्णपाल यादव से मृतक की मोटरसाइकिल, चाकू और डंडा बरामद कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *