कुख्यात बदमाश गिरफ्तार; हत्या के प्रयास और अडीबाजी के मामलों में 5 साल से था फरार

भोपाल | राजधानी के शाहपुरा और कोलार थाना पुलिस को लंबे समय से छका रहे कुख्यात इनामी बदमाश रोहित खरे उर्फ बटलर उर्फ रॉकी (24) को कोलार रोड पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी पर हत्या के प्रयास, लूट और अडीबाजी सहित कई गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने उस पर कुल 8,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि शाहपुरा और कोलार क्षेत्र का वांछित आरोपी रोहित खरे कजलीखेड़ा क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे पकड़ लिया।
आरोपी के विरुद्ध थाना शाहपुरा में हत्या के प्रयास (धारा 307) एवं लूट के मामले में 5,000 रुपये का इनाम घोषित था। वहीं थाना कोलार रोड में अडीबाजी और मारपीट के प्रकरण में 3,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके अलावा न्यायालय से आरोपी के विरुद्ध दो स्थायी वारंट भी लंबित थे, जिनमें वह पेशी से लगातार अनुपस्थित चल रहा था।
गिरफ्तार आरोपी रोहित खरे निवासी कजलीखेड़ा, आदतन अपराधी है। वह वर्ष 2020-21 से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उससे अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *