भोपाल | राजधानी के नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से सिख समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने कमिश्नर कार्यालय पहुँचकर शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस व समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष परमवीर सिंह वजीर ने किया। समाज के सदस्यों ने पुलिस कमिश्नर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और भोपाल में उनकी नई पारी के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। प्रतिनिधिमंडल में अमनदीप सिंह (डिंपी), हरविंदर सिंह (रिंकू), हरविंदर सिंह (नीटू) और जसविंदर सिंह सहित समाज के अन्य प्रबुद्ध जन शामिल रहे।
चर्चा के दौरान पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने शहर में सिख समुदाय की जनसंख्या, प्रमुख गुरुद्वारों की स्थिति और समाज द्वारा आयोजित की जाने वाली विभिन्न सामाजिक व धार्मिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। सीपी ने कहा कि भोपाल की बहु-सांस्कृतिक पहचान और यहाँ का आपसी भाईचारा ही इस शहर की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज के सहयोग से ही पुलिस प्रशासन शहर में शांति और सद्भाव का वातावरण बनाए रखने में सफल होगा।
सिख समाज के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और सुरक्षा व्यवस्था में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर सहमति जताई।