भोपाल/खरगोन | मध्य प्रदेश में मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत खरगोन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चैनपुर थाना क्षेत्र की दुर्गम पहाड़ियों और ‘शेडो एरिया’ (जहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है) में दबिश देकर पुलिस ने अवैध गांजा खेती का भंडाफोड़ किया। दो अलग-अलग स्थानों से कुल 5,900 गांजे के पौधे जब्त किए गए, जिनका कुल वजन 2,979 किलोग्राम 840 ग्राम तथा अनुमानित बाजार मूल्य 1 करोड़ 49 लाख 4 हजार 200 रुपये आंका गया है।
यह कार्रवाई अत्यंत कठिन परिस्थितियों में की गई। चौकी हेलापडावा क्षेत्र के ग्राम सेन्द्रीयाघाटी गुवाड़ा एवं तिखली बैडी पीडी जामली में अवैध खेती की सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने रणनीतिक घेराबंदी की। मोबाइल नेटवर्क नहीं होने और दुर्गम, ऊबड़-खाबड़ रास्तों के कारण पुलिस को कई घंटों तक पैदल और सीमित संसाधनों के बीच अभियान चलाना पड़ा।
कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक, इंदौर जोन (ग्रामीण) अनुराग तथा उप पुलिस महानिरीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देशन में और पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुई।
छापेमारी के दौरान सेन्द्रीयाघाटी गुवाड़ा स्थित खेत से 5,500 गांजे के पौधे (वजन 2,811 किलोग्राम) जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 40 लाख 55 हजार रुपये है। वहीं दूसरी कार्रवाई में 400 पौधे (वजन 168 किलो 840 ग्राम) जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 8 लाख 49 हजार 200 रुपये आंकी गई।
पुलिस की इस कार्रवाई ने अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। यह स्पष्ट संकेत है कि मध्यप्रदेश पुलिस मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त और निरंतर अभियान चला रही है, चाहे अपराधी कितने ही दुर्गम क्षेत्र में क्यों न छिपे हों।