रातोंरात 11 आईएएस अफसरों के तबादले, प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल मनीष सिंह को फिर जनसंपर्क की कमान, सीएम से की सौजन्य भेंट; संभाला पदभार

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किए गए व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 11 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में जनसंपर्क, स्वास्थ्य, वन, कृषि और ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी फिर मनीष सिंह को

2009 बैच के आईएएस अधिकारी मनीष सिंह को एक बार फिर जनसंपर्क विभाग का आयुक्त नियुक्त किया गया है। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सौजन्य भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मनीष सिंह ने शनिवार को जनसंपर्क आयुक्त का पदभार ग्रहण किया। वे पूर्व में भी इस विभाग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और प्रशासनिक अनुभव के लिए जाने जाते हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनके पास परिवहन विभाग का दायित्व पूर्ववत रहेगा। साथ ही मध्यप्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम और इंटर स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास रहेगा।

दीपक कुमार सक्सेना बने आबकारी आयुक्त

अब तक जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे दीपक कुमार सक्सेना को आबकारी आयुक्त, ग्वालियर नियुक्त किया गया है।

स्वास्थ्य और वन विभाग में अहम बदलाव

अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को वन विभाग से हटाकर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा भोपाल गैस त्रासदी विभाग का दायित्व सौंपा गया है। उनके पास पर्यावरण विभाग पूर्ववत रहेगा और खाद्य सुरक्षा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

वहीं प्रमुख सचिव संदीप यादव को स्वास्थ्य विभाग से हटाकर वन विभाग का प्रमुख बनाया गया है। उन्हें प्रवासी भारतीय विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

कृषि और ऊर्जा विभाग में भी बदलाव

अजय गुप्ता को किसान कल्याण एवं कृषि विभाग से हटाकर मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जबलपुर का प्रबंध संचालक बनाया गया है। वहीं राज्यपाल के अपर सचिव रहे उमाशंकर भार्गव को किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग का संचालक नियुक्त किया गया है।

जिला स्तर पर भी नई पदस्थापनाएं

सुनील दुबे को राज्यपाल का उप सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि संघमित्रा गौतम को आलीराजपुर जिले का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है।

इसी क्रम में नंदा भलावे कुशरे को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान का परियोजना संचालक तथा कमल सोलंकी को रायसेन जिले का मुख्य कार्यक्रम अधिकारी नियुक्त किया गया है।

राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन की प्राथमिकताओं को गति देने और विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेष रूप से जनसंपर्क विभाग में मनीष सिंह की नियुक्ति को सरकार की संचार व्यवस्था को और मजबूत करने से जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *