24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा: लिव-इन विवाद में युवती की हत्या, शव पेटी में बंद कर सेफ्टी टैंक में फेंका

राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र में सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक युवती की हत्या का खुलासा किया है। आरोपी युवक ने लिव-इन में रह रही युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और परिजनों के साथ मिलकर शव को लोहे की पेटी में बंद कर सेफ्टी टैंक में फेंक दिया।

पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे थाना निशातपुरा को सूचना मिली कि छःघरा स्थित एक प्लॉट में मंदिर के चबूतरे के पास बने सेफ्टी टैंक में आधा पानी भरा है और उसके ऊपर एक लोहे की पेटी तैर रही है, जिससे दुर्गंध आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पेटी को बाहर निकलवाकर खोला तो उसमें एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया शव कुछ दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई और पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक साक्ष्यों में हत्या की पुष्टि होने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और स्थानीय पूछताछ के आधार पर मृतका की पहचान मिसबाह (22) निवासी गोंदिया, महाराष्ट्र के रूप में हुई। संदेह के आधार पर कमल नगर निवासी समीर (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक समीर की पहचान मृतका से एक ऑनलाइन डेटिंग एप के माध्यम से हुई थी। अक्टूबर 2025 से युवती उसके साथ कमल नगर स्थित घर में लिव-इन में रह रही थी। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी युवती को अपने साथ नहीं रखना चाहता था, जबकि युवती अलग होने के बदले पैसों की मांग कर रही थी। 7 और 8 फरवरी की दरमियानी रात विवाद बढ़ने पर आरोपी ने युवती का गला दबाकर हत्या कर दी।

घटना के समय घर में मौजूद उसकी मां, भाई और बहन को उसने पूरी जानकारी दी। इसके बाद शव को लोहे की पेटी में रखकर एक दिन घर में छिपाया गया और अगले दिन रात के समय परिजनों की मदद से पास के सेफ्टी टैंक में फेंक दिया गया। पुलिस ने शव रखने में उपयोग की गई लोहे की पेटी जब्त कर ली है।

इस मामले में समीर के साथ उसके भाई साहिल (20), बहन सायमा (19) और मां शहनाज बी (53) को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *