भोपाल। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुराने शहर के व्यस्त इलाकों का पैदल निरीक्षण किया। भ्रमण की शुरुआत रेतघाट से हुई, जहां से अधिकारियों का दल मोती मस्जिद, अफगान गली, भवानी चौक और सोमवारा होते हुए इमामीगेट तक पहुंचा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने वन-वे व्यवस्था का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यातायात बाधित करने वाले वाहनों को मौके पर ही हटवाया गया। साथ ही संबंधित विभाग को सड़क चौड़ीकरण, व्हाइट रोड मार्किंग कराने और अव्यवस्थित बिजली के पोल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने दुकानदारों से संवाद कर सड़क पर सामान न रखने की अपील की और हाथ ठेला चालकों को निर्धारित स्थान पर खड़े होने की समझाइश दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
भ्रमण के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला, डीसीपी ट्रैफिक जितेंद्र सिंह पवार, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-3 शालिनी दीक्षित, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात जोन-3/4 बसंत कौल, सहायक पुलिस आयुक्त जोन-3 यातायात विजय कुमार दुबे तथा थाना प्रभारी तलैया दीपक डेहरिया मौजूद रहे।