पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने छात्रों को किया सतर्क, अनुशासन और नियमों के पालन पर दिया ज़ोर
भोपाल। “सेफर इंटरनेट डे” के अवसर पर मंगलवार को मैनिट (मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) परिसर में साइबर अपराध एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त संजय कुमार रहे, जबकि विशेष अतिथि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला एवं मैनिट के निदेशक प्रो. डॉ. के.के. शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) शैलेन्द्र सिंह चौहान, संस्थान का प्रबंधन स्टाफ तथा लगभग 300 से 350 विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बढ़ते साइबर अपराधों को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि आने वाले समय में यह पुलिस और समाज दोनों के लिए बड़ी चुनौती बनने वाला है। उन्होंने विद्यार्थियों से इंटरनेट का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने, साथ ही यातायात नियमों का पालन कर अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला ने भोपाल शहर की यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों और ट्रैफिक नियमों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने आईटीएमएस, ई-चालान प्रणाली और आधुनिक तकनीकों की जानकारी देते हुए सभी से ट्रैफिक नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपायुक्त अखिल पटेल ने विद्यार्थियों द्वारा साइबर क्राइम और ट्रैफिक से जुड़े सवालों के उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। वहीं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) शैलेन्द्र सिंह चौहान ने साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकार, उनसे बचाव के उपाय, बदलते ट्रेंड, आईटी एक्ट, ट्राई और आरबीआई की गाइडलाइंस तथा “संचार साथी” एप की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी।
मैनिट के निदेशक प्रो. डॉ. के.के. शुक्ला ने विद्यार्थियों को सजग, सतर्क और अनुशासित रहने का संदेश देते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आज के डिजिटल युग में अत्यंत आवश्यक हैं और विद्यार्थियों को सुरक्षित भविष्य की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।