कोलार का विकास अब एक ब्रांड, जागरूक जनता ही इसकी सच्ची ब्रांड एंबेसडर : रामेश्वर शर्मा

5 करोड़ से बनेगा कालीबाड़ी ब्रिज, 5 लाख आबादी को होगा सीधा लाभ

भोपाल। मुखर्जी नगर, कोलार स्थित कालीबाड़ी क्षेत्र में कलियासोत नदी पर फोर-लेन अवध मार्ग पर बनने वाले कालीबाड़ी ब्रिज के निर्माण कार्य का भूमि पूजन शनिवार को विधायक रामेश्वर शर्मा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

लोक निर्माण विभाग द्वारा 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस ब्रिज की लंबाई 75 मीटर एवं चौड़ाई 10 मीटर होगी। ब्रिज का निर्माण आगामी 8 माह में पूर्ण किया जाएगा। इसके बन जाने से लगभग 5 लाख की आबादी को सीधे तौर पर यातायात सुविधा का लाभ मिलेगा। वर्तमान में यहां टू-लेन ब्रिज होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। पुराने ब्रिज के समानांतर नए ब्रिज के निर्माण से क्षेत्र को फोर-लेन कनेक्टिविटी मिलेगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सिक्स लेन रोड, नेताजी सुभाष चंद्र बोस रिंग रोड, कोलार तहसील कार्यालय, मुखर्जी स्टेडियम, विद्युत डिवीजन कार्यालय, शासकीय डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, अशोक सिंहल पावर हाउस, अवध मार्ग और मुखर्जी-दीनदयाल लिंक मार्ग (कोलार से कटारा) जैसे अनेक विकास कार्यों से मुखर्जी नगर-कोलार ने एक विकसित क्षेत्र की पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों के चलते क्षेत्र में रोजगार और व्यापार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं और लगातार नए व्यावसायिक संस्थान स्थापित हो रहे हैं। कोलार को चारों ओर से बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, कोलार का विकास अब एक ब्रांड बन चुका है, और यहाँ की जागरूक जनता ही कोलार की सच्ची ब्रांड एंबेसडर है। उन्होंने कहा कि भोपाल ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी लोग कोलार के विकास की प्रशंसा करते हैं। यह विकास यहां की विकासवादी जनता के सहयोग के बिना संभव नहीं था, जिसके लिए उन्होंने कोलारवासियों का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में जिस तरह मध्यप्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है, उसी तरह हुजूर विधानसभा क्षेत्र भी निरंतर प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह के सहयोग से क्षेत्र में रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिल रही है और डबल इंजन सरकार में विकास की यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।

इस अवसर पर स्थानीय पार्षद ज्योति मिश्रा, बबीता डोंगरे, मंडल अध्यक्ष द्वेय प्रदीप पाटीदार, मनोहर मीना, भाजपा नेता बी.एस. वाजपेयी, भूपेंद्र माली सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *