अड़ीबाजी व मारपीट में फरार आरोपी और स्थाई वारंटी देशी कट्टा व कारतूस के साथ गिरफ्तार

भोपाल। शहर में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना टीटी नगर पुलिस ने अड़ीबाजी और मारपीट के मामलों में फरार चल रहे आरोपी एवं स्थाई वारंटी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। 5 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार लेकर लाडली लक्ष्मी पार्क के पास द नेस्ट बिल्डिंग के पीछे घूम रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस मौके पर पहुंची, जहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राहगीर पंचों की मदद से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पकड़े गए युवक ने अपना नाम सनी अहिरवार उर्फ सरकार (26) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोहे का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी से हथियार रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई करते हुए हथियार जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया। थानों से आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि आरोपी थाना निशातपुरा के अड़ीबाजी और मारपीट के मामले में बीते चार माह से फरार चल रहा था, साथ ही उसके खिलाफ न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट भी जारी किया गया था। इसकी सूचना संबंधित थाना निशातपुरा को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ निशातपुरा थाने में मारपीट, चोरी, अपहरण और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *