भोपाल: सड़कों पर दिखेंगे अधिकारी, ट्रैफिक और जनसंवाद पर पुलिस कमिश्नर सख्त

भोपाल। नवागत पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने साफ कहा है कि पुलिस को फरियादियों और आम लोगों से सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और कानून के अनुसार समय पर कार्रवाई हो, ताकि जनता का भरोसा पुलिस पर बना रहे।

कमिश्नर कार्यालय में हुई परिचयात्मक बैठक में पुलिस कमिश्नर ने शहर के सभी थाना क्षेत्रों की स्थिति, अपराध के रुझान और स्थानीय समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक और कानून व्यवस्था दोनों बड़ी चुनौतियां हैं, इसलिए पीक आवर्स में कमिश्नर स्तर से लेकर थाना प्रभारी तक अधिकारी खुद सड़कों पर रहेंगे और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाएंगे।

उन्होंने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, संदिग्ध लोगों और हिस्ट्रीशीटरों पर नजर रखने तथा वाहन चेकिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि माइक्रो बीट सिस्टम के जरिए पुलिस और जनता के बीच संवाद मजबूत किया जाए, ताकि छोटी से छोटी जानकारी भी समय पर पुलिस तक पहुंच सके।

पुलिस कमिश्नर ने यह भी कहा कि पुलिस का काम केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे फील्ड में रहकर नागरिकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, साइबर अपराधों से बचाव और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय कर काम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *