
भोपाल। हनुमानगंज थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान उप निरीक्षक विवेक शर्मा ने अपनी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक युवक की जान बचाई। घटना बीती रात नादरा बस स्टैंड के पास की है, जहां ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक के सामने चलते-चलते एक युवक अचानक सड़क पर गिर पड़ा।
युवक की हालत गंभीर प्रतीत हो रही थी। स्थिति को भांपते हुए उप निरीक्षक विवेक शर्मा ने बिना समय गंवाए तुरंत मौके पर युवक को सीपीआर दिया, जिससे कुछ ही समय में युवक को होश आ गया। इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत में सुधार है।
उप निरीक्षक विवेक शर्मा की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से एक अनमोल जीवन बच सका। उनके इस सराहनीय कार्य की आम नागरिकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रशंसा की जा रही है।