
सेंट जोसेफ कान्वेंट स्कूल, ईदगाह हिल्स में 42वां वार्षिक खेल दिवस समारोह 6 दिसंबर 2025 को उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। “आरोहण ऊपर की ओर उठना, लक्ष्य की ओर बढ़ना” थीम पर आधारित यह आयोजन संयुक्त राष्ट्र की विश्व शांति थीम पर केंद्रित रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर रजनीश सिंह गौर, उप महानिदेशक, एनसीसी निदेशालय (मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़) तथा विशेष अतिथि पचमढ़ी की प्रोविंसियल सुपीरियर सिस्टर मोरिस थीं।

मुख्य अतिथि का स्वागत स्कूल बैंड द्वारा दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर और एनसीसी कैडेट्स की एस्कॉर्ट टीम के साथ किया गया। प्राचार्या डॉ. सिस्टर लिली ने पौधा भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। क्रीड़ा अधिकारी रवदीप सिंह मल्हारी की उपस्थिति में खेल ध्वज फहराया गया, जिसके बाद विद्यालय की प्रधानमंत्री वानिया आलम ने परेड की अनुमति ली। शुभंकर जोसिटा सच्चाई, अच्छाई और शांति का प्रतीक के नेतृत्व में छात्राओं की अनुशासित मार्चिंग और स्कूल बैंड की ताल ने माहौल को उत्साह से भर दिया।

उद्घाटन के बाद खेल मशाल प्रज्वलित की गई तथा खेल मंत्री संस्कृति शिवहरे ने सभी छात्राओं को टीम भावना और आदर्श नागरिकता की शपथ दिलाई। नन्हीं बच्चियों की रंगारंग प्रस्तुतियाँ, विभिन्न कक्षाओं द्वारा देशभक्ति, शांति और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से विद्यालय बैंड की प्रस्तुति ने पूरे कार्यक्रम में आनंद भर दिया और दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

छठी से आठवीं तक की छात्राओं ने प्रभावशाली मार्शल आर्ट प्रदर्शन कर आत्मरक्षा का मजबूत संदेश दिया, जबकि सीनियर वर्ग की “शांति” थीम पर प्रस्तुति पूरे कार्यक्रम का आकर्षण बनी रही। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अभिभावकों, अतिथियों और छात्राओं ने अपने मोबाइल की टॉर्च जलाकर एकता और शांति का प्रकाश फैलाया, जो समारोह का सबसे भावनात्मक क्षण बना।

विभिन्न ट्रैक इवेंट 50, 80, 100 और 200 मीटर दौड़ व रिले रेस में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एस.जे.सी. बैंड का सम्मोहक प्रस्तुतिकरण और शुभंकर जोसिटा का ‘लिली के फूल’ के शंखधारी अवतार में ब्रह्मांडीय ऊर्जा का संदेश कार्यक्रम की पहचान रहा। अपने उद्बोधन में ब्रिगेडियर गौर ने कहा कि “2047 का भारत युवा शक्ति का भारत होगा।” उन्होंने मातृभाषा के सम्मान, फास्ट फूड से दूरी और भारतीय परंपराओं के संरक्षण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बेटियाँ आज हर क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ा रही हैं। नीतीश छुगानी, सौम्य नाहर और रुमेशा अहमद व्यक्तिगत चैंपियन घोषित किए गए, जबकि अंतर-हाउस ओवरऑल चैंपियनशिप टैगोर हाउस ने अपने नाम की। प्राचार्या डॉ. सिस्टर लिली ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और छात्राओं का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन ‘बिटिंग रिट्रीट’ और राष्ट्रगान की गूंज के साथ हुआ।
