भोपाल। प्रतिवर्ष अनुसार मां दुर्गा धाम दशहरा उत्सव समिति अशोक गार्डन की बैठक 17 सितंबर शाम 5:30 बजे अशोक विहार दुर्गा धाम मंदिर मंगल भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने की तथा विशेष अतिथि के रूप में भोपाल की महापौर मालती राय मौजूद रहीं।
बैठक में समिति के अध्यक्ष वार्ड 71, 38, 70, 44, 58 एवं 69 के सभी पार्षदों के साथ अशोक गार्डन के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सर्वसम्मति से वीरेंद्र पप्पू राय को पुनः अध्यक्ष घोषित किया गया और बी.एस. राजपूत को कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
मंत्री विश्वास सारंग और महापौर मालती राय ने समिति पदाधिकारियों को बधाई देते हुए दशहरा महोत्सव में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष वीरेंद्र पप्पू राय ने समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दशहरा महोत्सव बड़ी धूमधाम और भव्यता से मनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सामाजिक समरसता और संस्कृति की झलक इस आयोजन में साफ दिखाई देगी। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि गण, समिति के सदस्य सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।