भाजपा प्रदेश प्रभारी और जिला अध्यक्ष ने किन्नरों को दिलायी भाजपा की सदस्यता

प्रधानमंत्री ने किन्नर समाज को देश, दुनिया में दिलाया सम्मान- डॉ. सिंह

मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक शक्तिशाली राष्ट्र बनेगा- पचौरी

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह और भोपाल जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने संगठन पर्व के तहत बुधवार को मंगलवारा छावनी रोड स्थित सुरैया बाजी के घर पहुंचकर किन्नर समाज के 150 से अधिक लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने किन्नर समाज के लोगों को सदस्यता दिलाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में सेवा पखवाड़ा का कार्यक्रम चला रही है। पार्टी के कार्यकर्ता सभी समाज, वर्गों के बीच पहुंचकर उन्हें भाजपा की सदस्यता दिला रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को किन्नर समाज के 150 से अधिक लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाकर फल वितरण किया है। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज का देश एवं समाज के विकास में अहम भूमिका है। किन्नर समाज के लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी को मजबूत किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में किन्नर समाज को देश-दुनिया में मान-सम्मान मिला है। किन्नर समाज प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्यों से खुश है। भोपाल जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने कहा कि किन्नर समाज के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं और बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते हुए 2047 तक विकसित, समृद्धशाली और शक्तिशाली बनेगा। उन्होंने पार्टी की ओर से समाज के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। किन्नर समाज की प्रमुख सुरैया बाजी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सरकार में हम किन्नरों को बहुत सम्मान मिला है। प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। पूरा किन्नर समाज प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है। हम सभी उनकी लंबी उम्र की कामना करते हैं। इस दौरान किन्नर काजल, डिंपल, मुस्कान, अलीशा सहित लगभग 150 किन्नर समाज के लोगों ने सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पूर्व विधायक धु्रवनारायण सिंह, जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत राजपूत, रघुनाथ सिंह, चौक मंडल अध्यक्ष आशीष ठाकुर, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज घट उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *