अखंड भारत दिवस पर ‘‘हर घर तिरंगा अभियान’’ के तहत निकलेगी तिरंगा यात्रा

मध्य भारत की विशाल तिरंगा यात्रा 14 को

मोदी सरकार ने तिरंगे को आम आदमी के घर तक पहुंचाया: रामेश्वर शर्मा

सुखदेव सिंह अरोड़ा,भोपाल । राष्ट्रवाद और धर्म के प्रति जागरूकता लाने हेतु नित नए आयोजन करने वाले हुजूर विधायक अपनी संस्था ‘‘कर्मश्री’’ के तत्वावधान में इस बार भी 14 अगस्त को अखंड भारत दिवस और केंद्र सरकार के ‘‘हर घर तिरंगा अभियान’’ के तहत मध्य भारत की सबसे बड़ी तिरंगा यात्रा निकालने जा रहे हैं। यात्रा में तिरंगा लगे 15 हजार से अधिक दोपहिया-चौपहिया वाहन शामिल होंगे। ‘‘कर्मश्री’’अध्यक्ष और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 14 अगस्त को हम अखंड भारत दिवस मनाते हैं एवं पिछले वर्ष की तरह इस बार भी केंद्र सरकार ने ‘‘हर घर तिरंगा अभियान’’ शुरू किया है। युवा पीढ़ी के मन में अखंड भारत की स्मृति ताजा करने और हर घर तिरंगा अभियान को गति देने के उद्देश्य से ‘‘कर्मश्री’’ द्वारा मुखर्जी नगर कोलार से लेकर संत नगर तक मध्य भारत की सबसे विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन 14 अगस्त को किया गया है। विधायक शर्मा ने राष्ट्रवाद के ओतप्रोत इस विशाल आयोजन में भोपाल वासियों को आमंत्रित करते हुए कहा कि यह तिरंगा यात्रा का आयोजन प्रत्येक भारतवासी का आयोजन है । उन्होंने युवाओं एवं बच्चो को इस आयोजन में विशेष रूप से पधारने का आग्रह किया है । विधायक शर्मा ने कहा कि युवा और बच्चे भारत का आने वाला भविष्य है उनके कंधों पर देश की बागडोर आने वाली है तिरंगे के प्रति उनका सम्मान ही भारत को परम वैभव पर ले जाएगा । श्री शर्मा ने राजधानी वासियों से यात्रा में शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा कि इस यात्रा में शामिल होने वाला, यात्रा का स्वागत करने वाला हर व्यक्ति राष्ट्र की सेवा कर अपने नागरिक बोध का परिचय भी देगा। अतः भोपाल वासियों का आह्वान करता हूँ कि इस तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व-अपने उत्साह का प्रदर्शन करें। यात्रा में भाग लेकर हम गौरवशाली राष्ट्र की सेवा का संकल्प लें।

मोदी सरकार ने तिरंगे को आम आदमी के घर तक पहुंचाया: रामेश्वर शर्मा

तिरंगा यात्रा के आयोजक हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक विश्व शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है। मोदी सरकार के कार्यकाल में कश्मीर से धारा 370 खत्म हुई और कश्मीर से कन्याकुमारी तक सही मायने में भारत अब एक हुआ है। वही अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। देश का आर्थिक विकास भी द्रुत गति से दौड़ रहा है। संपूर्ण विश्व में भारतवंशियों का मान बढ़ा है। पहले तिरंगा विशिष्ट व्यक्तियों द्वारा ही फहराया जाता था और सरकारी कार्यालयों की शोभा बढ़ाता था। अब मोदी सरकार ने भारत के आम नागरिक को अपने हाथों में तिरंगा थामने और घरों में तिरंगा फहराने का अधिकार दिया है यह क्रांतिकारी कदम है। अतः इस अधिकार के बारे में जन जागृति लाने और इसका उत्सव मनाने के लिए इस बार पहले से भी विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है।

कोलार से सुबह 10 बजे निकलकर संतनगर पहुँचेगी यात्रा, भैंसाखेड़ी में होगा समापन

500 से अधिक स्थानों पर होगा स्वागत

कर्मश्री के तत्वाधान में स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व 14 अगस्त को निकाली जा रही तिरंगा यात्रा प्रातः 10 बजे मदर टेरेसा स्कूल मुखर्जी नगर कोलार से आरंभ होकर भोपाल के विभिन्न चौक चौराहों से होती हुई संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। यात्रा मार्ग में लगभग 500 से अधिक स्थानों पर स्थानीय नागरिक बंधुओ सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा स्वागत की तैयारियां जा रही है । आयोजक संस्था के अध्यक्ष-विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि यात्रा सुबह 10 बजे मुखर्जी नगर कोलार स्थित मदर टेरेसा पब्लिक स्कूल से प्रारंभ होकर बैरागढ़ चिचली कोलार, डी मार्ट चौराहा, ललिता नगर, बीमा कुंज, सर्वधर्म कोलार, चूनाभट्टी, कोलार तिराहा, मैनिट चौराहा, माता मंदिर, अटल पथ चौराहा, नानके तिराहा, रोशनपुरा चौराहा, बाणगंगा, विवेकानंद चौराहा (पॉलिटेक्निक चौराहा), राजा भोज सेतु, वीआईपी रोड, लालघाटी , हलालपुर बस स्टैंड से होते हुए संत हिरदाराम नगर, दीनदयाल उपमंडी भैंसाखेड़ी पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा में भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों से कर्मश्री संस्था के कार्यकर्ताओं के साथ अनेक जनप्रतिनिधि, धार्मिक,सामाजिक, व्यापारिक, राजनैतिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं अन्य नागरिक बंधु उपस्थित रहेंगे ।

15 हजार से अधिक वाहन होंगे शामिल

विधायक रामेश्वर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कर्मश्री संस्था के तत्वाधान में आयोजित होने वाली विशाल तिरंगा यात्रा में हुजूर विधानसभा सहित भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 15 हजार से अधिक दो एवं चार पहिया वाहन सम्मिलित रहेंगे। सभी वाहनों पर तिरंगा लगा होगा और वाहन सवार अपने हाथों में भी तिरंगा थामे रहेंगे।

यात्रा का सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त प्रचार

हुजूर विधायक एवं कर्मश्री अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा द्वारा 14 अगस्त को निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा की तैयारियां जोरों पर है। यात्रा का सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त प्रचार चल रहा है। कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों द्वारा भी तिरंगा यात्रा का बढ़-चढ़कर प्रचार किया जा रहा है। यात्रा को भव्य बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी तन्मयता के साथ जुटे हुए है। कार्यकर्ताओ द्वारा होर्डिंग बैनर पोस्टर एवं सोशल मीडिया पर यात्रा का जबरदस्त प्रचार प्रसार किया जा रहा है । विधायक श्री शर्मा ने कहा कि 15 हजार से अधिक वाहनों की संभावित उपस्थिति से निश्चित है कि भोपाल 14 अगस्त को तिरंगे के रंग में रंग जाएगा।

आकर्षण का केंद्र रहेगी वेशभूषा

तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले युवाओं में भारतीय परिधानों के साथ यात्रा में सम्मिलित होने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही है । साफा के साथ कुर्ता-पजामा, तिरंगे रंग के दुपट्टे, तिरंगा पगड़ी आदि यात्रा में आकर्षण का केंद्र रहेंगे । यात्रा को आकर्षक और उत्साहवर्धक बनाने के लिए अनेकों अनेक उपाय कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे हैं । पूर्व के वर्षों में निकली तिरंगा यात्रा में भी शामिल लोगों की वेशभूषा सदैव आकर्षण का केंद्र रही है। इस बार भी तिरंगा यात्रा में राष्ट्र प्रेम के अनूठे प्रदर्शन नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *