जनहितैषी योजनाओं को बंद करके कांग्रेस ने किया जनता के साथ विश्वासघात : चौधरी दर्शन सिंह

भाजपा का टिमरनी विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न

सुखदेव सिंह अरोड़ा,भोपाल।

भारतीय जनता पार्टी टिमरनी विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन मंडी प्रांगण सिराली, टिमरनी जिला हरदा में आयोजित किया गया। जिसमें उपस्थित अतिथियों ने दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया। आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दर्शन सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार व राज्य की शिवराज सरकार की ओर से जो ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं उसका बेहतर प्रचार-प्रसार हो सके इस उद्देश्य से सम्मेलन का आयोजन किया गया है।चौधरी ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की जन हितैषी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी साथ ही कार्यकर्ताओं को बूथ लेवल स्तर पर कार्य करने का आह्वान किया। चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों जैसे मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना, लाडली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना जैसी अनेक योजनाओं सहित धारा 370 का हटना भव्य राम मंदिर का निर्माण जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियों के बारे में चर्चा करना और उनको जनता के बीच ले जाने की आवश्यकता है। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों छला है कांग्रेस ने किसानों के लिए चलाई जाने वाली योजनाओं को बंद किया। बहनों के लिए चलाई जाने वाली योजना को बंद किया। छल कपट की राजनीति करने वाली कांग्रेस पार्टी कभी नहीं चाहती कि मध्य प्रदेश एक विकसित और समृद्ध शाली राज्य बन सके, और यही कारण है कि कांग्रेसी जब भी सत्ता में आते है तो गरीब जनकल्याणकारी योजनाएं पहले बंद करते हैं। झूठ और फरेब के दम पर पिछली बार कमलनाथ की सरकार सत्ता में आई और आने के साथ ही भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से चलाई जा रही जनहितैषी योजनाओं को बंद करके जनता के साथ विश्वासघात किया लेकिन अब ऐसा दोबारा नहीं होने वाला है क्योंकि जनता कांग्रेस की नीतियों से भली-भांति परिचित हो चुकी है। अब हम कार्यकर्ताओं को अपना-अपना मोर्चा संभालते हुए जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की उपलब्धियां और कांग्रेस की नाकामियों के बारे में बताना है । कार्यकर्ता ही भाजपा की पूंजी है और कार्यकर्ता के ही दम पर आज भाजपा देश ही नहीं विश्व में सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ टिमरनी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को प्रचंड बहुमत से जीत दिलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में टिमरनी विधायक संजय शाह, भाजपा हरदा जिला अध्यक्ष अमर सिंह मीणा, भाजपा हरदा जिला प्रभारी विकास बीरानी, किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पुष्पराज सिंह, समस्त मोर्चा जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता बंधु की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *