महिला पुलिस को 250 दोपहिया वाहनों की चाबी सौंपेंगे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 28 जुलाई को करेंगे वाहन रैली को फ्लैग ऑफ

महिला सुरक्षा शाखा के विशेष जागरुकता अभियान “अभिमन्यु” की पोस्टर पुस्तिका का भी होगा विमोचन

सुखदेव सिंह अरोड़ा,भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशानुसार प्रदेश में महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए महिला पुलिस को सशक्त बनाया जा रहा है। महिलाओं से जुड़ी समस्याओं के निराकरण और महिला फरियादियों की सुनवाई के लिए प्रदेश के 950 थानों में ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क का संचालन किया जा रहा है। पीड़िताओं को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए पुलिस को अत्याधुनिक उपकरणों और साधनों से लैस भी किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेशभर में महिला पुलिस के लिए 250 दोपहिया उपलब्ध कराए जाएंगे। 28 जुलाई को प्रात: 10.45 बजे भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम के मुख्य द्वार से ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क को आवंटित 250 दो पहिया वाहनों का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा फ्लैग ऑफ किया जाएगा। इस अवसर पर सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत बालकों एवं पुरुषों को महिला संबंधी अपराधों एवं लैंगिक समानता के प्रति जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे विशेष जागरुकता अभियान “अभिमन्यु” के लिए महिला सुरक्षा शाखा द्वारा तैयार की गई पोस्टर पुस्तिका का विमोचन भी मुख्यमंत्री चौहान करेंगे। उल्लेखनीय है कि महिला सशक्तिकरण के लिए ट्राइडेंट ग्रुप द्वारा सीएसआर फंड से 13 दोपहिया वाहन प्रदान किए गए हैं।

इस मार्ग से निकलेगी दोपहिया वाहन रैली:-

मुख्यमंत्री द्वारा 250 वाहनों का फ्लैग ऑफ मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पर होगा। यहां से दोपहिया वाहन रैली लाल परेड ग्राउंड विजय द्वार, कंट्रोल रूम चौराहा, राजभवन तिराहा से रोशनपुरा, टीटी नगर, प्लैटिनम प्लाजा, अटल पथ, जवाहर चौक, रंगमहल चौराहा, रोशनपुरा चौराहा, राजभवन तिराहा, पुलिस कंट्रोल रूम से होती हुई पुलिस पेट्रोल पंप के सामने स्थित विजय द्वार लाल परेड ग्राउंड के गेट से प्रवेश कर मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ही समाप्त होगी।

यह है “अभिमन्यु” का मुख्य उदेश्य:-  

महिला सुरक्षा शाखा द्वारा चलाए जा रहे विशेष जागरुकता अभियान “अभिमन्यु” की थीम “आओ लड़कों को सिखाएं” हैं। इसके अंतर्गत बालकों/पुरुषों को लैंगिक समानता एवं संस्कारों का ज्ञान देने के साथ ही महिलाओं के प्रति संवेदनशील बनाना है। अभियान का दूसरा चरण 1 अगस्त से 15 अगस्त के बीच पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थानों पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रश्नावली, नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्म प्रदर्शन, मैराथन दौड़ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ज्ञात हो कि जून माह में प्रारंभ किए गए इस अभियान के पहले चरण के अंतर्गत प्रदेश भर में 300 से अधिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें 1 लाख से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *