हमारे पास प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की लंबी श्रृंखला,पार्टी की योजनाओं को बूथ पर साकार करें : हितानंद

प्रदेश संगठन महामंत्री ने नरसिंहपुर जिले की तीन विधानसभा की संचालन टोलियों की बैठक ली

नरसिंहपुर। भारतीय जनता पार्टी ने तकनीक अनुसार युगानूकूल परिवर्तन किए है। हमारे पास टेलीग्राम से लेकर इंस्टाग्राम तक का उपयोग करने वाले कार्यकर्ताओं की भी श्रृंखला है। हमारे बूथ अब डिजिटल हो चुके है। समय के साथ हम आउट डेट नहीं अपडेट है। वर्तमान समय में हमें सोशल मीडिया के माध्यम से समाज के हर वर्ग के लोगों से संपर्क कर सरकार के किए गए कार्यो को बताना है और पार्टी की विचारधारा से जोडना है। बूथ सशक्तिकरण अभियान के कार्य को जल्द पूरा करना है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने रविवार को नरसिंहपुर जिले के प्रवास पर तेन्दुखेडा, गोटेगांव और नरसिंहपुर विधानसभा संचालन समिति की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में हितानंद के साथ जिलाध्यक्ष इंजी.अभिलाष मिश्रा व नरसिंहपुर विधायक जालम सिंह पटेल उपस्थित थे।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद रविवार को नरसिंहपुर जिले के प्रवास पर थे। प्रवास के दौरान उन्होंने गोटेगांव विधानसभा के सालीचौका मंडल में प्रातः प्रधानमंत्रीजी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं के साथ सुना। जिसके पश्चात युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के पश्चात नरसिंहपुर जिला कार्यालय में प्रदेश संगठन महामंत्री ने नरसिंहपुर, तेन्दुखेडा और गोटेगांव विधानसभा की संचालन टोलियां की बैठक में भाग लिया। हितानंद ने आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से विधानसभावार कार्यक्रमों और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बूथ सशक्तिकरण अभियान के बचे हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करने की बात कही। हितानंद ने कहा कि चुनाव तैयारियों की दृष्टि से हमें बूथ सशक्तिकरण अभियान को पूर्ण करते हुए बूथ विजय संकल्प अभियान के लिए तैयार रहना है। हमें विधानसभावार पन्ना समिति, पन्ना प्रमुख व बूथों पर पार्टी द्वारा किए जाने वाले तैयारियों को पूर्ण करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बिना भेदभाव के सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र को लेकर हर वर्ग को लाभान्वित करने का काम किया है। बडी संख्या में प्रत्येक विधानसभा में केन्द्र और राज्य सरकार की योजना के हितग्राही है। हितग्राहियों से संपर्क और संवाद कर उन्हें पार्टी से जोडें।

प्रदेश संगठन महामंत्री ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि 4 से 14 मई तक प्रदेश नेतृत्व द्वारा बूथ विजय संकल्प अभियान चलाया जायेगा। जिसमें सभी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ तक जाकर राज्य व केन्द्र सरकार की योजनाओं के बारे में आमजन को जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि 15 मई से 15 जून तक मोदी सरकार के 9 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर अलग अलग कार्यक्रम जिले में आयोजित करना है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ पार्टी के वरिष्ठजनों व बूथ एजेंट की बैठकें कर उन्हें कार्य सौंपे।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री डॉ. हरगोविन्द पटेल व आभार ठाकुर राजीव सिंह ने माना। बैठक में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नरेन्द्र पटेल, पूर्व विधायक भैयाराम पटेल, हाकम सिंह चडार,वीरेन्द्र फौजदार, अवधेश प्रताप पटैल, विश्वनाथ सिंह पटेल, नंदकिशोर ठाकुर, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, रमाकांत शर्मा, संतोष दुबे, आकाक्षी विधानसभा प्रभारी सुरेन्द्र जैन सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष व अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *