मुख्यमंत्री चौहान ने भोपाल उत्तर विधानसभा के बूथ 39 पर किया बूथ विस्तारक अभियान-2 का शुभारंभ

बूथ विस्तारक अभियान का मतलब लोगों के बीच रहना,उन्हें पार्टी से जोड़ना हैःशिवराजसिंह चौहान

मुख्यमंत्री चौहान ने भोपाल उत्तर विधानसभा के बूथ 39 पर किया बूथ विस्तारक अभियान-2 का शुभारंभ

भोपाल सुखदेव सिंह अरोड़ा।आज से जो बूथ विस्तारक अभियान-2 शुरू हो रहा है, उसका मतलब सिर्फ चुनाव के समय नहीं बल्कि हमेशा लोगों के बीच रहना है। उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ दिलाना और पार्टी के साथ जोड़ना भी है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मंगलवार को उत्तर विधानसभा के गुरुनानक मंडल के वार्ड 10 के बूथ क्रमांक 39 में बूथ विस्तारक अभियान-2 का शुभारंभ करते हुए कही। इस दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने पार्टी की कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली।

आमजन को पार्टी से जोड़ें

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का काम लोगों के जीवन को बेहतर बनाना है। इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार विभिन्न योजनाएं चला रही हैं, जिनका लाभ सबको मिलता है। हितग्राहियों को इन योजनाओं का लाभ दिलाएं और उन्हें यह समझाएं भी कि उन्हें इस योजना का लाभ कैसे मिल रहा है। अगर कार्यकर्ता हितग्राहियों को यह बात समझाने में सफल हो गए, तो उनके मन में भारतीय जनता पार्टी के प्रति प्रेम जागेगा। जब हम आमजन को योजनाओं का लाभ पहुंचायेंगे तो वह हमसे पारिवारिक रूप से जुड़ जाएंगे। फिर कांग्रेस चाहे कितनी भी ताकत लगा ले, लोग भारतीय जनता पार्टी से दूर नहीं जा पाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें घर-घर संपर्क कर लोगों से मित्रवत संबंध बनाना है। किसी भी प्रकार की मुसीबत आने पर उनकी मदद करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के आवेदन 25 मार्च से भरे जाएंगे। जिन परिवारों की सालाना आमदनी ढाई लाख रुपए से कम है, उनके आवेदन भरवाएं। इस योजना का लाभ सभी हितग्राहियों को मिलना चाहिए।

हर बूथ पर जीत हासिल करना है

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी आमजन के बीच काम नहीं किया। लेकिन हमें हर क्षेत्र में, हर वर्ग और समाज के बीच जाना है। प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रत्येक बूथ पर अधिकतम वोटों से जीत हासिल करना है और हम निश्चित रूप से उत्तर विधानसभा सीट पर जीत हासिल करेंगे। चौहान ने कहा कि हम आमजन के साथ मिलकर एक परिवार की तरह काम करेंगे और इतने भाई-बहनों के बीच में रहते हुए हमारी जीत सुनिश्चित है।इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, चेतन भार्गव, मनोज राठौर, जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राकेश कुकरेजा, बूथ अध्यक्ष सुकांति कपुरिया एवं बूथ समिति के सभी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने संबोधित करते हुए कहा कि भोपाल की सभी 6 विधानसभाओं को हमें पूरी ताकत के साथ मिलकर जीतना है। बूथ विस्तारक योजना के माध्यम से प्रत्येक हितग्राही तक संपर्क कर उन्हें पार्टी की रीति नीति से अवगत कराना है और पार्टी में शामिल करना है। इससे हमारा बूथ और मजबूत होगा। जिससे पार्टी के 51 प्रतिशत वोट शेयर के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग बूथ विस्तारक अभियान-2 में नरेला विधानसभा के वार्ड क्र. 44 के बूथ क्रमांक 226 के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। विधायक रामेश्वर शर्मा अटल बिहारी वाजपेयी मंडल के अंतर्गत कालापानी पंचायत भवन में शक्ति केंद्र के बूथ क्रमांक 155, 156, 157, 158, 159, 160 और 161 पर बैठक ली। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनोहर मीणा सहित बूथ कार्यकर्ता उपस्थित थे।युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार दक्षिण पश्चिम विधानसभा के करूणाधाम मंडल के वार्ड क्रमांक. 27 बूथ क्रमांक 51 में शामिल हुए। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष डिंपल श्रीवास्तव, बंदना परिहार,युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अजय पाटीदार शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *