जोन-03 में रातभर कॉम्बिंग गश्त, 130 वारंटी गिरफ्तार, 75 स्थायी और 55 गिरफ्तारी वारंट तामील, 76 गुंडों व 46 निगरानी बदमाशों की जांच

भोपाल। अपराधों पर नियंत्रण और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोन-03 पुलिस ने शनिवार रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। जोन के नौ थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 75 स्थायी एवं 55 गिरफ्तारी वारंट तामील करते हुए कुल 130 वारंटियों को गिरफ्तार किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में 1 अगस्त की रात चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 46 निगरानी बदमाशों, 76 गुंडों, 23 चाकूबाजों और तीन जिलाबदर आरोपियों की जांच की। इसके साथ ही आबकारी एक्ट के तहत 34 प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा 36 बी-2 की कार्रवाई की गई। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी 47 प्रकरण दर्ज किए गए।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान गौतम नगर थाना पुलिस ने सर्वाधिक 34 वारंट तामील किए। यहां 30 गुंडों की जांच के साथ तीन जिलाबदर आरोपियों को भी चेक किया गया। शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने 16 स्थायी वारंट तामील करते हुए 11 गुंडों की जांच की।

हनुमानगंज थाना पुलिस ने 11 स्थायी वारंट तामील किए और आबकारी एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। वहीं कोहेफिजा एवं टीटी नगर थाना पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 38 प्रकरणों में कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए जोन-03 क्षेत्र में आगे भी सघन चेकिंग एवं कॉम्बिंग गश्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *