भोपाल। चार साहिबजादे अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 के तहत खेले गए मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पहले मैच में मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी ने एश अकादमी को एकतरफा मुकाबले में हराकर शानदार जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 172 रन बनाए। टीम की ओर से तक्ष विशेष्टे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 89 रनों की बेहतरीन पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। एश अकादमी की ओर से खुशवंत, मनमोहन और अशरवाने ने 2-2 विकेट लेकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन लक्ष्य बड़ा साबित हुआ।
जवाब में एश अकादमी की पूरी टीम 109 रन पर सिमट गई। अयान ने 31 रन और खुशवंत ने 18 रन का योगदान दिया। मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी की ओर से वेद ने 3 विकेट लेकर गेंदबाजी में कमाल दिखाया, जबकि तेजस और अर्णव ने 2-2 विकेट हासिल किए। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए तक्ष विशेष्टे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं दूसरे डे-नाइट मुकाबले में अकीरा क्रिकेट अकादमी ने कनारा क्रिकेट अकादमी, विदिशा को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए कनारा क्रिकेट अकादमी 111 रन पर सिमट गई, जिसमें यश रघुवंशी ने 31 रन बनाए। अकीरा अकादमी की ओर से धनुष और समर्थ ने 3-3 विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोका।
लक्ष्य का पीछा करते हुए अकीरा क्रिकेट अकादमी ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 14 ओवर में बिना कोई विकेट खोए जीत हासिल कर ली। टीम के बल्लेबाज उत्सव ने नाबाद 74 रन की शानदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने। टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना देखने लायक रही।