भोपाल में अवैध अहातों पर बड़ी कार्रवाई, 73 आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। राजधानी में अवैध रूप से संचालित अहातों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश देकर 10 अवैध अहातों पर कार्रवाई करते हुए 73 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने समन्वित रणनीति के साथ एक साथ विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान के दौरान हबीबगंज, जहांगीराबाद, टीटी नगर, एमपी नगर, मिसरोद, गोविंदपुरा, शाहजहांनाबाद, हनुमानगंज, निशातपुरा, कोतवाली और चुनाभट्टी क्षेत्रों में सघन जांच और दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ऐसे कई स्थान चिन्हित किए, जहां बिना अनुमति के अहाते संचालित किए जा रहे थे और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कराया जा रहा था। पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। कई जगहों पर अचानक हुई कार्रवाई से अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि कुछ आरोपी भागने की कोशिश करते हुए पकड़े गए।

इस अभियान में गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ स्थानों पर संचालित अवैध गतिविधियों की आगे भी जांच की जाएगी, ताकि ऐसे नेटवर्क पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और किसी भी तरह की लापरवाही या अवैधता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *