टीटी नगर पुलिस ने सुलझाई वाहन चोरी, शातिर आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। शहर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना टीटी नगर पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल के साथ दूध के केन भी बरामद किए हैं।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 6 मार्च 2026 को फरियादी मुकेश मीणा अपने पुत्र मनोहर मीणा के साथ थाना टीटी नगर पहुंचे थे, जहां उन्होंने बताया कि वे जीटीबी कॉम्प्लेक्स के पीछे इनर कोट क्षेत्र में दूध वितरण के लिए गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी यामाहा क्रक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 04 एएम 1380) खड़ी कर दी थी और जल्दबाजी में चाबी गाड़ी में ही लगी रह गई। गाड़ी में दूध के दो बड़े केन और कुछ छोटे ढबरे भी रखे हुए थे। वापस लौटने पर वाहन मौके से गायब मिला, जिसके बाद आसपास तलाश करने पर भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।

फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह दोहर के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश तेज की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में सुनहरी बाग क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बादशाह बेग निवासी अरेरा हिल्स बताया और 10-12 दिन पहले जीटीबी कॉम्प्लेक्स क्षेत्र से उक्त मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गई यामाहा क्रक्स मोटरसाइकिल, दो बड़े दूध के केन और एक छोटा ढबरा बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत करीब 25 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पर पूर्व से ही तीन दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *