ग्लैमर और ग्रेस का संगम: ‘मिशन संपूर्ण’ में छाया हर उम्र का आत्मविश्वास

भोपाल । शांभवी वुमन क्लब द्वारा महिला सशक्तिकरण को समर्पित मिशन संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने भाग लेकर नारी शक्ति का उत्सव मनाया। रेट्रो थीम पर आधारित इस आयोजन में नानी-दादी तक ने अपने आत्मविश्वास और स्टाइल से सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। रैम्प शो में मां-बेटी की जोड़ी, यंग मॉम्स और वरिष्ठ महिलाओं ने आकर्षक परिधानों और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 


प्रतिभागियों ने विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा में भारत की सांस्कृतिक विविधता को भी खूबसूरती से प्रस्तुत किया। आयोजन का मुख्य आकर्षण ‘नानी-दादी राउंड’ रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने चार्ली चैपलिन, मधुबाला और अनारकली जैसे किरदारों को जीवंत कर दिया।
5 वर्ष की बच्ची से लेकर 70 वर्ष तक की महिलाओं की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि आत्मविश्वास और उत्साह की कोई उम्र नहीं होती।
संस्था की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष महिलाओं के सम्मान और उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *