मध्य विधानसभा के अरेरा मंडल में आयोजित होगा सेवा पखवाड़ा : ध्रुव नारायण सिंह
भारतीय जनता पार्टी के जिला पदाधिकारियों की सेवा पखवाड़ा कार्यशाला शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संपन्न हुई। कार्यशाला की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भारत माता के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
जिला प्रभारी महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब कल्याण और सेवा परमो धर्मः के संकल्प पर कार्य कर रहे हैं। सेवा पखवाड़ा इन्हीं संकल्पों को साकार करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए और यह नए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का अवसर बने। यादव ने बताया कि पखवाड़े में 15 प्रकार की गतिविधियां होंगी, जिनमें रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, मंदिरों और श्मशान घाटों की साफ-सफाई, बावड़ियों का संरक्षण और पौधारोपण शामिल है।
पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। 17 सितंबर से रक्तदान शिविरों के लिए पंजीयन शुरू होंगे। इस दौरान मोदी के जीवन पर प्रदर्शनी, गोष्ठियां और डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन भी होंगे।
मुख्य वक्ता डॉ. योगेंद्र मुखरैया ने कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है और मोदी विश्व नेता के रूप में उभरे हैं। सेवा पखवाड़ा के दौरान अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने अपील की कि हर कार्यकर्ता एक पेड़ अपनी मां के नाम और एक पेड़ अपने पितृ के नाम लगाए। नमो वाटिका का निर्माण, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा और लोकल फॉर वोकल अभियान पर भी जोर दिया।
कार्यशाला में मंडल अध्यक्ष अभिषेक पुरोहित ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक के कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की और अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर महेंद्र सिंह यादव, ध्रुव नारायण सिंह, डॉ. योगेंद्र मुखरैया, अशोक सैनी, राजेंद्र गुप्ता, डॉ. अनिल पचौरी, राजकुमार विश्वकर्मा, अश्विनी राय, निखिलेश मिश्रा, अभिषेक पुरोहित, शक्ति दुबे और शशि सिनहो मंचासीन रहे। मंच संचालन महेंद्र वर्मा ने किया और आभार मुकुल लोखंडे ने व्यक्त किया।