भोपाल। गुरुद्वारा नानकसर हमीदिया रोड पर आज आयोजित बैठक में राजधानी भोपाल सहित विभिन्न गुरुद्वारों के पदाधिकारियों, सेक्रेटरी, स्त्री सत्संग सभा और प्रबंधक कमेटियों की उपस्थिति में आने वाले प्रमुख धार्मिक आयोजनों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के 350वें शहीदी पर्व को समर्पित नगर कीर्तन, जो 25 अगस्त 2025 को असम के धुबरी साहब से आरंभ हुआ है, वह 14 सितंबर 2025 की शाम को भोपाल में प्रवेश करेगा। नगर कीर्तन का स्वागत ट्रांसपोर्ट नगर गुरुद्वारे से किया जाएगा। इसके पश्चात नगर कीर्तन आनंद नगर, रायसेन रोड, पंजाबी बाग, एक नंबर प्लेटफार्म, संगम टॉकीज होते हुए गुरुद्वारा नानकसर, हमीदिया रोड पहुंचेगा। वहीं रात्रि विश्राम किया जाएगा।15 सितंबर को सुबह 9 बजे, नगर कीर्तन अब्दुल्लागंज मार्ग से होते हुए जबलपुर के लिए रवाना होगा।
20 सितंबर से 1 नवंबर तक प्रतिदिन प्रभात फेरियां
बैठक में बताया गया कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित 41 दिवसीय प्रभात फेरी यात्रा का आयोजन 20 सितंबर से 1 नवंबर तक किया जाएगा। यह प्रभात फेरियां सुबह 4:00 बजे भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में निकाली जाएंगी। 2 अक्टूबर की सुबह, गुरुद्वारा टेकरी साहब ईदगाह से नगर कीर्तन रूप में प्रभात फेरी आरंभ होकर गुरुद्वारा नानकसर, हमीदिया रोड पर 6:30 बजे समाप्त होगी।
3 नवंबर को नगर कीर्तन, 5 नवंबर को प्रकाश पर्व
3 नवंबर को हर साल की तरह इस वर्ष भी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। यह गुरुद्वारा शाहजहानाबाद से प्रारंभ होकर भोपाल टॉकीज, पीर गेट, मोती मस्जिद, इतवारा, मंगलवार बस स्टैंड होते हुए रात्रि 10:00 बजे गुरुद्वारा नानकसर पर समाप्त होगा।
5 नवंबर को गुरुद्वारा नानकसर, हमीदिया रोड पर प्रकाश पर्व की धूमधाम से संगत द्वारा मनाया जाएगा।
23 और 25 नवंबर को शहीदी पर्व पर होंगे विशेष आयोजन
23 नवंबर 2025 को गुरुद्वारा गुरु नानकपुरा, रायसेन रोड पर श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के शहीदी पर्व पर विशेष कवि दरबार व कीर्तन दरबार का आयोजन होगा। 25 नवंबर 2025 को गुरुद्वारा नानकसर में 350वीं शहीदी वर्षगांठ पर विशेष कीर्तन दरबार आयोजित किया जाएगा।