भोपाल। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने गुरुवार को भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सड़कों, फुटपाथों, नालों और सार्वजनिक स्थलों पर बने अतिक्रमण हटाए।
निगम द्वारा की गई कार्रवाई में गुमठियां, ठेले, चार पहिया वाहन, पान पार्लर, अवैध चबूतरे और लोहे के शेडों को हटाया गया। निगम ने करोंद बड़वई, इंद्रा नगर, नेहरू नगर, कोटरा, बावड़िया कलां, बागमुगालिया, भेल संगम, आशिमा मॉल, लिंक रोड सहित अन्य क्षेत्रों में यह कार्रवाई की।
निगम ने जिला प्रशासन की कार्यवाही में सहयोग करते हुए करोंद बड़वई क्षेत्र से 3 अवैध टपरे हटाए। वहीं भवन अनुज्ञा शाखा की कार्यवाही में सहयोग करते हुए ऐशबाग चाणक्यपुरी क्षेत्र में नाले के ऊपर बनी अवैध दुकान, 8 दीवारें और 3 लोहे के शेड जेसीबी मशीनों से ढहाए गए। अभियान के दौरान इंद्रा नगर क्षेत्र से रास्ता अवरुद्ध कर रहे 2 चार पहिया वाहन हटाए गए, जबकि विभिन्न क्षेत्रों से 3 गुमठियां और 5 ठेले जप्त किए गए। नेहरू नगर में एक अवैध चबूतरा और बावड़िया कलां में 2 अवैध शेड भी तोड़े गए।