भोपाल। “जब धर्मात्मा राज करते हैं तो परमात्मा भी मदद करते हैं। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की दिशा में ऐसे कदम उठाए, जिन्हें इतिहास की किताबों में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।” यह कहना हैं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी का। उन्होंने कहा कि, यह कालखंड महज़ शासन का नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अध्याय रहा है। मोदी सरकार ने हर उस वर्ग को सशक्त किया है, जो दशकों से हाशिए पर रहा—किसान, महिला, सैनिक, विद्यार्थी और युवा—सभी आज ‘विकसित भारत के अमृतकाल’ के सहभागी बन चुके हैं।
विरासत से विकास की ओर: श्री महाकाल लोक से केदारनाथ धाम तक
डॉ. केसवानी ने कहा कि यह कालखंड सिर्फ शासन का नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का युग रहा है, जिसमें विरासत से विकास की यात्रा स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। श्री महाकाल लोक, केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसे अद्वितीय विकास कार्य न केवल भारत की सांस्कृतिक विरासत को सहेज रहे हैं, बल्कि उन्हें आधुनिकता से जोड़कर देश को गौरवशाली दिशा में अग्रसर भी कर रहे हैं। ये परियोजनाएं यह दर्शाती हैं कि भारत आज अपनी जड़ों से जुड़कर भविष्य की ओर आत्मविश्वास से बढ़ रहा है।
राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति में निर्णायक बदलाव
डॉ. केसवानी ने कहा कि मोदी सरकार में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेज़ी से बढ़ा है। 2014 की तुलना में अब भारत का रक्षा निर्यात 34 गुना बढ़कर ₹23,622 करोड़ तक पहुंच गया है। 5,000 से अधिक रक्षा उपकरण आत्मनिर्भरता सूची में शामिल हैं और 75% पूंजीगत बजट स्वदेशी रक्षा उत्पादन को समर्पित किया गया है। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए 100 से ज्यादा आतंकियों का सफाया कर भारत ने स्पष्ट संदेश दिया है, वहीं ऑपरेशन कावेरी और यूक्रेन निकासी जैसे अभियानों में 25,500 से अधिक भारतीयों को सुरक्षित लाया गया। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35A को हटाकर आतंकवाद की कमर तोड़ी गई, जिसका परिणाम यह रहा कि 2018 में 417 आतंकी घटनाएं घटकर 2023 में सिर्फ 43 रह गईं।
‘वंदे भारत’ और ‘वैक्सीन मैत्री’ ने दिलाया वैश्विक सम्मान
डॉ. केसवानी ने बताया कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मान बढ़ाया है। कोविड काल में वंदे भारत मिशन से 1.8 करोड़ से अधिक भारतीयों को राहत मिली। भारत ने 100 से अधिक देशों को 30 करोड़ से अधिक वैक्सीन डोज़ भेजीं और UN के शांति रक्षकों को 2 लाख टीके उपहार स्वरूप दिए। यह भारत के वैश्विक नेतृत्व का प्रमाण है।
किसानों के लिए किया ऐतिहासिक निवेश
किसानों की भलाई के लिए मोदी सरकार ने अभूतपूर्व योजनाएं लागू की हैं। डॉ. केसवानी के अनुसार, वर्ष 2025-26 में कृषि बजट 2013-14 की तुलना में 5 गुना बढ़ाया गया है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अब तक ₹3.7 लाख करोड़ वितरित किए जा चुके हैं। MSP पर दालों की खरीद में 7350% की वृद्धि दर्ज की गई है, वहीं 25 करोड़ से अधिक सॉयल हेल्थ कार्ड बांटे गए हैं। 10,000 FPOs के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। फसल बीमा योजना के अंतर्गत ₹1.75 लाख करोड़ के दावे निपटाए गए हैं।
महिला सशक्तिकरण की नई परिभाषा गढ़ी
डॉ. केसवानी ने कहा कि मोदी सरकार ने ‘नारी शक्ति’ को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए। उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन मिला। मुद्रा योजना के 68% लाभार्थी महिलाएं हैं, जबकि स्टैंड अप इंडिया के 74% लाभार्थी महिला उद्यमी हैं। पीएम आवास योजना में 73% घर महिलाओं के नाम किए गए हैं। ‘नारी शक्ति अधिनियम’ के तहत महिलाओं को 33% आरक्षण दिया गया है। महिलाओं को सशस्त्र बलों में स्थायी कमीशन दिया गया और पहली बार लिंगानुपात 1020:1000 तक पहुंचा। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 4.2 करोड़ खाते खोले गए और मातृत्व अवकाश 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह किया गया।
शिक्षा और कौशल विकास में नई क्रांति
मोदी सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में भी ऐतिहासिक पहल की है। 30 वर्षों के इंतजार के बाद राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू की गई। डॉ. केसवानी ने बताया कि PM कौशल विकास योजना के तहत 1.6 करोड़ युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा, 14,500 से अधिक स्कूलों में बुनियादी ढांचे का कायाकल्प किया गया है जिससे विद्यार्थियों को बेहतर सीखने का माहौल मिला।
भारत के भविष्य की नींव मजबूत कर रही है मोदी सरकार
डॉ. दुर्गेश केसवानी ने निष्कर्ष में कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने सिर्फ योजनाएं नहीं, बल्कि पीढ़ियों को प्रभावित करने वाले निर्णय लिए हैं। यह ‘विकसित भारत के अमृतकाल’ की शुरुआत है, जिसमें किसान, महिला, युवा, सैनिक और विद्यार्थी – हर वर्ग को भागीदार बनाया गया है। देश आज आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है।”