भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक डेयरी से गोवंश चोरी कर उसे काटने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यह मामला रतन कॉलोनी का है, जहां गुरुवार देर रात अज्ञात आरोपियों ने एक गाय को चुराकर उसका वध कर दिया। सुबह जब मामला सामने आया, तो गोरक्षक संगठनों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई।
डेयरी संचालक श्याम यादव रात 12 बजे मवेशियों को चारा-पानी देने के बाद वह सोने चले गए थे। सुबह छह बजे उठने पर एक गाय गायब मिली। तलाश में कुछ ही दूरी पर मैदान में गाय के शव के टुकड़े मिले, जिसके बाद उन्होंने निशातपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान रेहान खान (भानपुर मल्टी), अरबाज खान (वकील कॉलोनी), साहिल खान (बुधवारा), और आलेमीन रहमान (चर्च रोड, जिंसी) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मवेशियों को चुराकर उनका मांस इस्लामपुरा इलाके के एक कसाई को बेचते थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस भी निकाला, ताकि लोगों में संदेश जाए कि इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।