उज्जैन/इंदौर। ऑपरेशन ‘‘सिंदूर’’ की अभूतपूर्व सफलता पर शुक्रवार को उज्जैन और इंदौर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दोनों नगरों में यात्रा को संबोधित करते हुए भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और अदम्य साहस को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए हर भारतीय अपना सर्वस्व बलिदान करने को तत्पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में प्रवेश कर दुश्मनों को नेस्तनाबूद किया। ऑपरेशन ‘‘सिंदूर’’ के माध्यम से सेना ने पूरी दुनिया को अपने शौर्य का प्रमाण दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की रणनीति ने दुश्मन को घुटनों पर ला दिया। भारतवासियों ने एकजुट होकर यह संदेश दिया है कि राष्ट्रीय एकता सर्वोपरि है और यदि कोई शत्रु इसे खंडित करने का प्रयास करेगा तो उसे मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने उज्जैन में कहा कि सम्राट विक्रमादित्य ने दो हजार वर्ष पूर्व विदेशी आक्रमणकारियों को पराजित कर देश से खदेड़ा था। आज फिर भारतीय सेना ने उसी परंपरा को जीवित रखते हुए दुश्मनों को परास्त किया है। उन्होंने शहीदों के परिजनों को नमन करते हुए कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान है और इसकी मर्यादा की रक्षा हर नागरिक का कर्तव्य है।
इंदौर में मुख्यमंत्री ने कहा कि 1857 से 1947 तक देश ने स्वतंत्रता के लिए लंबा संघर्ष किया, परंतु ऑपरेशन ‘‘सिंदूर’’ में सबसे कम समय में भारत ने दुश्मन को घुटने टेकने पर मजबूर किया है। यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व और सेना के शौर्य का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि चार दिन के भीतर ही भारत ने आतंकवाद और उसके आकाओं को सख्त सबक सिखाया है। यह भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा, सैन्य रणनीति और एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि अमेरिका के राष्ट्रपति ने भी ऑपरेशन ‘‘सिंदूर’’ पर पहले दिए अपने बयान में सुधार किया है, जो भारत की बढ़ती साख का प्रमाण है।
उज्जैन की तिरंगा यात्रा में भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया, मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद उमेशनाथ महाराज, अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा, सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव सहित विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि और नागरिकों ने भाग लिया।
इंदौर की यात्रा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, प्रदेश महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़, महेन्द्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, धार्मिक, सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।