मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस मुख्यालय में की कानून व्यवस्था की समीक्षा

त्योहारों पर सतर्क रहे पुलिस, सोशल मीडिया पर भी रखें नजर 

मध्यप्रदेश में नक्सल नियंत्रण में ऐतिहासिक सफलता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार शाम पुलिस मुख्यालय भोपाल पहुंचकर प्रदेश की कानून व्यवस्था की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों को सम्मान देने की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व से ही जनप्रतिनिधियों के सम्मान की व्यवस्था है, किंतु इसके पालन में कमी रह गई थी। अब सरकार इसे प्रभावी ढंग से लागू करेगी और सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस दिशा में गंभीर है और नियमों के पालन को लेकर प्रतिबद्ध है।

नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में बड़ी उपलब्धि

डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में नक्सल नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। बालाघाट जिला अब गंभीर नक्सली गतिविधियों वाले जिलों की श्रेणी से बाहर आ गया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा तय डेडलाइन के अनुरूप अगले वर्ष तक प्रदेश से नक्सलवाद का पूरी तरह उन्मूलन कर दिया जाएगा। नक्सल विरोधी अभियानों में अत्याधुनिक तकनीक और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

अपराध नियंत्रण और शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में शिक्षण संस्थानों के आसपास अवैधानिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। हाल ही में भोपाल में युवकों द्वारा छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षण संस्थान अपराध स्थल नहीं बनने चाहिए और पुलिस को सतत निगरानी रखनी चाहिए।

पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान और कार्रवाई के निर्देश

पहल्गाम आतंकी हमले के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पाकिस्तानी वीजाधारी नागरिकों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। तय समय सीमा के बाद, लंबी अवधि, राजनयिक व आधिकारिक वीजाधारकों को छोड़कर अन्य सभी पाकिस्तानी नागरिकों को प्रदेश से बाहर किया जाएगा। साथ ही जम्मू-कश्मीर से आए छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

त्योहारों के दौरान रहेगी कड़ी निगरानी

मुख्यमंत्री ने आने वाले पर्व-त्योहारों के मद्देनजर शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस बल को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, अतिरिक्त बल की तैनाती करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं की त्वरित मॉनिटरिंग व खंडन के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने पुलिस बल के अधिकारियों व जवानों को उत्कृष्ट कार्य के लिए आउट ऑफ टर्न प्रमोशन और विशेष भत्तों जैसी प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ देने की भी घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *