पानी की बोतल में छिपाकर ले जा रहा था 2.25 करोड़ की MD ड्रग्स, कर्नाटक का इंजीनियर गिरफ्तार

ISBT के पास दिल्ली-नागपुर बस की चेकिंग में 970 ग्राम मेथामफेटामिन बरामद, गोविंदपुरा पुलिस की कार्रवाई

भोपाल। अंतरराज्यीय बसों की चेकिंग के दौरान गोविंदपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 970 ग्राम MD (मेथामफेटामिन) ड्रग्स के साथ कर्नाटक निवासी मैकेनिकल इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए ड्रग्स को पानी की बोतल में छिपाकर रखा था।

पुलिस के अनुसार, आगामी त्योहारों के मद्देनजर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अंतरराज्यीय वाहनों की चेकिंग और निगरानी की जा रही है। इसी दौरान ISBT के पास दिल्ली से नागपुर जा रही यात्री बस की तलाशी में एक संदिग्ध यात्री को रोका गया। जांच करने पर उसके कब्जे से करीब 970 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाख ए.एन. निवासी कर्नाटक के रूप में हुई है। वह पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर बताया गया है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, परिवहन के स्रोत, गंतव्य और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई में थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर, उप निरीक्षक संजय शुक्ला, एएसआई सचिन बेडरे, प्रधान आरक्षक नरेंद्र चौहान, दीपक मालवीय, लक्ष्मी नारायण तथा आरक्षक अंशुल, दिव्यांशु, सुभाष, निरंजन और कार्तिक शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *