सद्भावना और संस्कृति का अनूठा समागम: अमझरा में सजा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी हमीदिया रोड का मिलन समारोह; 500 श्रद्धालु हुए शामिल, सजा कीर्तन दरबार

भोपाल | राजधानी के सिख परिवारों को एक मंच पर पिरोने, आपसी प्रेम, भाईचारे को बढ़ावा देने तथा नई पीढ़ी को सिख धर्म, इतिहास और गुरुओं की महान शिक्षाओं से रूबरू कराने के उद्देश्य से गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, हमीदिया रोड की ओर से रविवार को एक भव्य ‘सद्भावना मिलन समारोह एवं पारिवारिक पिकनिक’ का आयोजन किया गया। भोपाल से लगभग 40 किलोमीटर दूर ग्राम अमझरा (बायपास रोड) पर आयोजित इस धार्मिक व सामाजिक अनुष्ठान में भोपाल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से करीब 500 श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक शिरकत की।

विशेष बसों और निजी वाहनों से पहुँची संगत:

अमझरा में आयोजित इस वृहद पारिवारिक समागम के लिए गुरुद्वारा नानकसर, हमीदिया रोड की तरफ से संगत के आने-जाने के लिए विशेष बसों की पुख्ता व्यवस्था की गई थी, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने निजी वाहनों से भी पहुंचे। दोपहर करीब 12:30 बजे कार्यक्रम की शुरुआत अत्यंत पवित्र माहौल में जपुजी साहिब और चौपाई साहिब के पाठ से हुई। इसके पश्चात भव्य कीर्तन दरबार सजा, जिसमें रागी जत्थों और संगत ने मधुर गुरबाणी कीर्तन के जरिए गुरु साहिब की महिमा और शिक्षाओं का स्मरण किया। कीर्तन के बाद गुरु के अटूट लंगर का आयोजन हुआ, जिसमें सभी ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।

बच्चों के लिए चित्रकला और सिख इतिहास पर प्रश्नोत्तरी:

कार्यक्रम को बच्चों और युवाओं के लिए बेहद ज्ञानवर्धक और रोचक बनाया गया था। इस दौरान बच्चों के लिए विशेष धार्मिक चित्रकला प्रतियोगिता तथा संगत के लिए सिख इतिहास और धर्म से संबंधित रोमांचक प्रश्नोत्तरी (क्विज़) का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बेहतरीन कलाकृति बनाने वाले बच्चों और सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान आसपास के गांवों के सरपंच और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनका कमेटी की ओर से शॉल व श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ना मुख्य उद्देश्य:

आयोजनकर्ताओं ने बताया कि ऐसे धार्मिक और पारिवारिक आयोजन आधुनिक दौर में परिवारों के बीच आपसी मेलजोल, संवाद और सद्भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही यह बच्चों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और गुरुओं के बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। पूरा कार्यक्रम अत्यंत उत्साहपूर्ण, अनुशासित और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित संगत ने इस सफल आयोजन की भूरी-भरी प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की पुरजोर अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *