कहा- मंच पर छात्रों के रूप में कांग्रेस-एनएसयूआई से जुड़े लोगों को प्रस्तुत किया गया, मामले में कार्रवाई की मांग
इंदौर। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में आम छात्रों के रूप में कांग्रेस और एनएसयूआई से जुड़े पदाधिकारियों को मंच पर प्रस्तुत किया गया। कोठारी ने इसे छात्रों और युवाओं को भ्रमित करने वाला मामला बताते हुए कांग्रेस नेताओं से जवाब देने की मांग की।
राहुल कोठारी ने कहा कि कार्यक्रम को छात्रों की वास्तविक आवाज के रूप में प्रस्तुत किया गया, लेकिन उनके अनुसार मंच पर मौजूद कुछ लोग कांग्रेस और एनएसयूआई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने जीतू पटवारी और उमंग सिंघार से इस मामले में स्पष्टीकरण और माफी की मांग की। साथ ही कांग्रेस नेतृत्व से कथित फर्जीवाड़े में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले भी मीनाक्षी नटराजन के शपथ पत्र के मामले में इसी तरह का विवाद खड़ा कर चुकी है और अब छात्रों के नाम पर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। कोठारी ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के परिणाम का उल्लेख करते हुए कहा कि एबीवीपी ने तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार ने जीता।
कोठारी ने कहा कि सात दिन में संबंधित मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आगे इस मुद्दे को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।