शिक्षक दिवस पर गूगलवाड़ा की प्रतिभाओं और शिक्षकों का सम्मान

सेवानिवृत्त शिक्षकों, नव चयनित अधिकारियों और मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

भोपाल। शिक्षक दिवस 2026 के अवसर पर ग्राम गूगलवाड़ा के सेवानिवृत्त शिक्षकों, नव चयनित अधिकारियों और मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन भोपाल में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच शैलेंद्र सिंह चौहान रहे। चौहान ने कहा कि वे स्वयं ग्राम गूगलवाड़ा के छात्र रहे हैं। गांव से लगातार नई प्रतिभाएं शासकीय सेवाओं में चयनित हो रही हैं, जिन्हें प्रोत्साहन और सहयोग देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों का सम्मान भी जरूरी है। सम्मान केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि शिक्षकों के प्रति एक ऋण है, जिसे हर व्यक्ति को पूरा करना चाहिए।

कार्यक्रम में गूगलवाड़ा के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं और करीब दो दर्जन सेवानिवृत्त एवं वर्तमान शिक्षकों ने भाग लिया। सेवानिवृत्त शिक्षक मणि शंकर व्यास, बीएल अहिरवार, पन्नालाल उमरे, मानसिंह चौहान, रुखम सिंह चौहान, विजय सिंह चौहान, छत्रपाल सिंह चौहान और रूपसिंह चौहान का सम्मान कर उनके योगदान को स्मरण किया गया। शैलेंद्र सिंह चौहान ने अपनी सफलता का श्रेय इन्हीं शिक्षकों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन ने जीवन को दिशा दी। सम्मान के दौरान कई सेवानिवृत्त शिक्षक भावुक हो गए और आयोजन की सराहना की।

शासकीय सेवाओं में चयनित भुवनेश चौहान डिप्टी कलेक्टर, स्वीटी चौहान नायब तहसीलदार, रश्मि चौहान नगर नियोजन अधिकारी, स्वाति चौहान चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर, राजकुमार चौहान, अरुण चौहान और रणजीत सिंह चौहान सहित अन्य प्रतिभाओं का भी सम्मान किया गया। मेधावी विद्यार्थियों मानसी, सिमरन, उज्ज्वल, शिवानी, दीपिका, विवेक, निशा, अश्मिता, खुशी, रमा, सुहानी, माहेश्वरी, वैष्णवी, मोहिनी, अथर्व, मनीष, कनक सहित अन्य को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन धरोहर वेलफेयर सोसाइटी ने किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था। विद्यार्थियों को भोपाल का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। स्वागत उद्बोधन ब्रजमोहन चौहान, संयोजन जयश्री चौहान और आभार प्रदर्शन परिवहन विभाग के निरंजन चौहान ने किया। कार्यक्रम में पुष्कर चौहान और रमेश मेहरा सहित अन्य लोगों का भी सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *