ब्लेड से गर्दन पर हमला कर हत्या की कोशिश, टीटी नगर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

15 अपराध दर्ज आरोपी भोपाल से भागने की फिराक में था, निर्माणाधीन मकान में छिपा मिला

भोपाल। टीटी नगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी पप्पू उर्फ राज राठौर (23) को नीलबड़ के रामनगर स्थित निर्माणाधीन मकान से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से 15 अपराध पंजीबद्ध हैं और घटना के बाद वह भोपाल से बाहर भागने की तैयारी में था।

पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त की रात फरियादी अपनी पत्नी आशा को मायके बाणगंगा छोड़ने जा रहा था। होटल पलाश के पीछे पुलिया के पास पप्पू राठौर ने उसे रोककर बीयर पिलाने के लिए पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट करते हुए आरोपी ने ब्लेड से फरियादी की गर्दन पर हमला कर दिया। घायल को खून निकलने लगा। आरोपी जाते समय जान से खत्म करने की धमकी भी देकर फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रामनगर नीलबड़ में एक निर्माणाधीन मकान में छिपा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया और ब्लेड से हमला करने की बात भी बताई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस की कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना टीटी नगर पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *