निर्मल केसवानी की स्मृति में पत्रकार सम्मान समारोह, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

सुखदेव सिंह, भोपाल। वरिष्ठ समाजसेवी एवं जनसेवा के लिए समर्पित रहे स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की छठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर राजधानी में दो दिवसीय श्रद्धांजलि एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को सिटी प्रेस क्लब एवं श्री निर्मल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पत्रकारों के लिए सावन संगम समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को पर्यावरण मित्र सम्मान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया। इस दौरान स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की स्मृति में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, विधायक भगवानदास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद राजपूत, वरिष्ठ नेता गिरीश शर्मा, पूर्व विधायक पीसी शर्मा, अनिल पचौरी, शैलेंद्र सिंह चौहान, जेपी धनोपिया, मस्तान सिंह मारन, प्रो. डॉ. संजीव गुप्ता, अनुराग अमिताभ, वीरेंद्र शर्मा, सुधीर दंडोतिया, दिनेश शुक्ला और हृदेश धारवार सहित पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

समारोह में अनुराग उपाध्याय, वीरेंद्र शर्मा, कौशल किशोर चतुर्वेदी, प्रवेश गौतम, संजू सूर्यवंशी, केशव राज पांडे, कपिल तुलसी, राजेश प्रिंस गाबा, आदेश प्रताप सिंह भदौरिया, सुनील दुबे, मस्तान सिंह मारन, उमाशंकर तिवारी और जे.डी. पटेल सहित पत्रकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।

विधायक रामेश्वर शर्मा ने पत्रकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जहां सरकार नहीं पहुंचती, वहां पत्रकार पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के उन मुद्दों को सामने लाते हैं, जो आम लोगों की आवाज बनकर शासन-प्रशासन तक पहुंचते हैं। सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि पत्रकार न किसी का दोस्त होता है और न दुश्मन, पत्रकार पत्रकार होता है। उन्होंने लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए कहा कि समाज की वास्तविक तस्वीर सामने लाने में पत्रकारों का योगदान अहम है। कांग्रेस नेता जेपी धनोपिया ने भी पत्रकारों के संघर्ष और सामाजिक सरोकारों को रेखांकित किया।

आयोजकों ने कहा कि स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी ने समाजसेवा और जनहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। उनकी स्मृति में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना उनके विचारों को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की पुण्यतिथि 24 अगस्त को है। इस अवसर पर शाम 6 बजे शीतल दास की बगिया में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। निर्मल वेलफेयर फाउंडेशन एवं जागृत हिंदू मंच के सहयोग से होने वाले कार्यक्रम में परिजन, सामाजिक कार्यकर्ता और शुभचिंतक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। आयोजन से जुड़े डॉ. दुर्गेश केसवानी ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी को श्रद्धांजलि देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *