भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस और पटवारी पर निशाना साधा है। केसवानी ने कहा कि जीतू पटवारी और कांग्रेस पर यह कहावत सटीक बैठती है कि ‘धूल चेहरे पर थी और आईना साफ करते रहे।’
डॉ. केसवानी ने कहा कि जीतू पटवारी को मध्यप्रदेश के विकास की चिंता करने के बजाय पहले अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठाए। केसवानी ने आरोप लगाया कि पटवारी के कार्यकाल में कांग्रेस ने जिन राजनीतिक चुनौतियों और असफलताओं का सामना किया, उससे प्रदेश की जनता परिचित है।
उन्होंने कहा कि पटवारी को अपने गुटों और पार्टी के अंदरूनी समीकरणों की चिंता करनी चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच कथित मतभेदों का जिक्र करते हुए केसवानी ने दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, अरुण यादव और अजय सिंह राहुल के साथ पटवारी के संबंधों पर भी सवाल उठाए।
जीतू पटवारी के ट्रेन, डिब्बे और इंजन वाले बयान पर भी भाजपा प्रवक्ता ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिस ट्रेन, डिब्बे और इंजन की बात पटवारी कर रहे हैं, वह उनसे कोसों दूर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि पटवारी को मध्यप्रदेश के विकास की चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भाजपा सरकार अपने विकास के एजेंडे पर काम कर रही है।
केसवानी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकसित मध्यप्रदेश और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कांग्रेस को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय अपनी पार्टी की आंतरिक स्थिति और चुनौतियों पर ध्यान देने की सलाह दी।